28000 रनों के साथ विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड, वडोदरा में फाड़ दी रिकॉर्ड बुक, सचिन-संगकारा सबको पछाड़ा
IND vs NZ: भारतीय क्रिकेट के 'किंग' विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज क्यों कहा जाता है। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वडोदरा के कोटंबी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में कोहली ने वो ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है, जो अब तक क्रिकेट इतिहास के केवल दो बल्लेबाजों के नाम था।
विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (Test, ODI, T20I) में 28,000 रन पूरे कर लिए हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि कोहली ने यह कारनामा मात्र 624 पारियों में कर दिखाया। इसके साथ ही उन्होंने 'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (644 पारी) और श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा (666 पारी) को बहुत पीछे छोड़ दिया है।

IND vs NZ: विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 28000 रनों का आंकड़ा हासिल करते हुए विराट कोहली ने तहलका मचाने का काम किया है। कोहली ने केवल 28,000 का आंकड़ा ही नहीं छुआ, बल्कि उन्होंने कुमार संगकारा के कुल अंतरराष्ट्रीय रनों (28,016 रन) के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
अब विराट कोहली क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुँच गए हैं। अब उनके आगे केवल सचिन तेंदुलकर (34,357 रन) का विशाल रिकॉर्ड है। पिछले कुछ सालों से कोहली का बल्ला लगातार आग उगलता रहा है और 37 की उम्र में उन्होंने कीर्तिमानों की झड़ी सी लगा दी है।
सचिन के कीर्तिमानों के पीछे विराट (IND vs NZ)
गौरतलब है कि विराट कोहली तेजी से सचिन तेंदुलकर के कीर्तिमानों के पीछे चल रहे हैं। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सचिन के 100 शतकों की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्होंने अब तक कुल 84 शतकीय पारियां खेल डाली हैं। टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों में उन्होंने सैकड़ा जमाया है।
रोहित शर्मा ने भी बनाया छक्कों का रिकॉर्ड
उधर रोहित शर्मा ने छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए धमाल मचा दिया, वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 650 छक्के जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित शर्मा से पहले ऐसा कारनामा किसी भी अन्य खिलाड़ी ने नहीं किया था।












Click it and Unblock the Notifications