IND vs NZ: भारत के लिए मुश्किल हो सकती है WTC Final की राह, बारिश ने बढ़ाई फैंस की चिंता
India vs New Zealand, 1st Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल बारिश के कारण नहीं हो सका। बेंगलुरु में भारी बारिश की वजह से मैच के लिए टॉस भी नहीं किया जा सका। बेंगलुरु में बीते दिन काफी बारिश हुई है और आने वाले दिनों में भी शहर में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। ऐसे में टेस्ट मैच के बचे हुए चार दिनों में भी खेल हो पाना काफी मुश्किल दिखाई पड़ रहा है।
भारत को खेलने हैं कुल 8 मैच
न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज भारतीय टीम के लिए बेहद जरूरी है। भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले कुल 8 मुकाबले खेलने हैं। भारतीय टीम तीन मैच अपने घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी। जबकि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत को कुल पांच मुकाबले खेलने हैं। इन आठ मुकाबलों में से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को कम से कम 4 मुकाबले जीतने होंगे।

WTC फाइनल में कैसे मिलेगी एंट्री
मौजूदा समय में भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल के टॉप पर विराजमान है। भारतीय टीम 11 मैचों में 8 जीत के साथ 98 अंक लेकर सबसे आगे है। लेकिन फाइनल में जगह बनाने के लिए टीम को एक या दो ड्रॉ की छूट के साथ चार और जीत हासिल करने की आवश्यकता है। ऑस्ट्रेलिया में 5 टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के पास अपनी सरजमीं पर न्यूजीलैंड को हराकर अपनी स्थिति को मजबूत बनाने का मौका है।
श्रीलंका से हारकर आई है न्यूजीलैंड
दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की टीम श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाकर भारत दौरे पर आई है। टीम के अधिकतर खिलाड़ी आउट फॉर्म रहे हैं। ऐसे में भारत के पास न्यूजीलैंड को पटखनी देने का शानदार मौका है। भारतीय टीम इस सीरीज को जीतने की पूरी कोशिश करेगी।
बारिश ने बढ़ाई फैंस की चिंता
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में बारिश के कारण पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल नहीं हो सका। बेंगलुरु में बारिश की संभावनाएं आने वाले दिनों में भी काफी अधिक है। आईएमडी ने वहां ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। अगर बारिश के कारण मैच ड्रॉ होता है तो इससे भारत को नुकसान उठाना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications