IND vs NZ: भारतीय टीम को लगा बड़ा झटका, दिग्गज खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज की शुरुआत 18 जनवरी से करेगी। अहम खिलाड़ी का बाहर होना बुरी खबर कही जा सकती है।

India vs New Zealand (भारत बनाम न्यूजीलैंड) ODI Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को घरेलू मैदानों पर सफेद गेंद सीरीज में खेलना है। टीम इंडिया की घोषणा भी की जा चुकी है। इस बीच टीम इंडिया के लिए अब एक बुरी खबर सामने आई है। श्रेयस अय्यर चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। हाल ही में अय्यर को श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए देखा गया था। मध्य क्रम में अय्यर को भारतीय टीम का एक अहम स्तम्भ माना जा रहा है लेकिन अब वह टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह रिप्लेसमेंट का नाम भी घोषित हुआ है।
बीसीसीआई ने दी जानकारी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपनी वेबसाईट पर अय्यर के बाहर होने की जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि पीठ की चोट के कारण श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। आगे के असेसमेंट और मैनेजमेंट के लिए वह नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रहेंगे। ऑल इंडिया सीनियर चयन समिति ने अय्यर की जगह भारतीय टीम रजत पाटीदार को शामिल कर लिया है।
भारत और न्यूजीलैंड सीरीज का कार्यक्रम
कीवी टीम भारत दौरे पर सबसे पहले एकदिवसीय मैच खेलेगी। तीन मैचों की इस सीरीज का पहला मुकाबला 18 जनवरी को हैदराबाद में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे मैच 21 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा। तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मुकाबला 24 जनवरी को इंदौर में खेला जाना है। इसके बाद टी20 सीरीज भी खेली जानी है। सबसे छोटे प्रारूप का पहला मैच 27 जनवरी को रांची में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 29 जनवरी को लखनऊ और अंतिम मुकाबला 1 फरवरी को अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा।
भारतीय टीम अपडेट होने के बाद इस प्रकार है
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, इशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएस भरत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), रजत पाटीदार, वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज़ अहमद, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक।












Click it and Unblock the Notifications