IND vs NZ 2nd ODI: भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे कब? राजकोट में मचेगा 'रो-को' का शोर!
IND vs NZ 2nd ODI Date Venue: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। वडोदरा में खेले गए पहले रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारत ने बढ़त हासिल कर ली है। पहला मैच जीतने के बाद अब टीम इंडिया की नजरें राजकोट में होने वाले दूसरे वनडे पर हैं। इस मैच में भारत सीरीज कब्जा करने के इरादे से उतरेगा, वहीं न्यूजीलैंड के लिए यह 'करो या मरो' का मुकाबला होगा।
न्यूजीलैंड ने बनाए थे 300 रन (IND vs NZ 2nd ODI Date Venue)
सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड की शुरुआत काफी ठोस रही। डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स के अर्धशतकों की मदद से कीवी टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मध्यक्रम को झकझोर दिया। अंत में डेरिल मिचेल की 84 रनों की तूफानी पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 300/8 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

भारत ने आसानी से जीता मैच
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा (26 रन) ने तेज शुरुआत दी। रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल और विराट कोहली के बीच 118 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी हुई। कोहली ने 56 रन बनाए जबकि गिल ने अंत तक टिक कर श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया।
दूसरा वनडे कब?
दूसरा वनडे 14 जनवरी (बुधवार) को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाएगा। आंकड़ों पर नजर डालें तो यह मैदान भारतीय टीम के लिए बहुत ज्यादा लकी नहीं रहा है। भारत ने यहां अब तक 4 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें से 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। राजकोट में भारत की इकलौती जीत साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी। इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और हाल ही में 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने यहाँ टीम इंडिया को पटखनी दी है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली पर नजर
ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली के सामने इस मैदान पर अपने रिकॉर्ड को सुधारने की बड़ी चुनौती होगी। राजकोट की पिच आमतौर पर सपाट और बल्लेबाजों के अनुकूल होती है, जहां एक बार फिर हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया राजकोट में इतिहास बदलकर सीरीज अपने नाम कर पाएगी?












Click it and Unblock the Notifications