Ishan Kishan का चयन भारत के लिए बन सकता है मास्टरस्ट्रोक? बिहार के लाल को लेकर क्या है टीम इंडिया का प्लान!
IND vs NZ 2026, Ishan Kishan: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जनवरी 2026 में होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में बड़े बदलाव हो सकते हैं। हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन अब वनडे सेटअप में भी वापसी के लिए तैयार हैं। स्पोर्ट्स तक की एक रिपोर्ट के अनुसार, खराब फॉर्म से जूझ रहे ऋषभ पंत को टीम से बाहर किया जा सकता है।
शानदार फॉर्म में हैं ईशान किशन (IND vs NZ 2026, Ishan Kishan)
ईशान किशन ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक के खिलाफ मात्र 39 गेंदों में 125 रनों की तूफानी पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऐसे में ईशान किशन को वनडे टीम में जगह दी जा सकती है। ऋषभ पंत की तुलना में ईशान किशन फिलहाल वाइट-बॉल क्रिकेट में कहीं ज्यादा सक्रिय और सफल रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने के बाद उन्होंने वनडे फॉर्मेट (विजय हजारे ट्रॉफी) में भी धमाकेदार शुरुआत की है।

पंत का कट सकता है पत्ता
दूसरी ओर पंत साल 2022 के बाद से वनडे क्रिकेट में लगभग 'आउटसाइडर' बन चुके हैं। 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए, फॉर्म में चल रहे ईशान को मौका देना टीम के हित में हो सकता है। ईशान किशन केवल एक ओपनर नहीं हैं, बल्कि उन्होंने मध्यक्रम में भी खुद को साबित किया है। झारखंड के लिए नंबर 6 पर खेलकर उन्होंने संकेत दिया है कि वह भारतीय टीम में किसी भी स्थान पर बल्लेबाजी के लिए तैयार हैं।
वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू
साल 2023 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ संकट के समय उनकी 82 रनों की पारी इस बात का प्रमाण है कि वह दबाव में टीम को संभाल सकते हैं। वह टॉप ऑर्डर के बैकअप के साथ-साथ एक फिनिशर की भूमिका भी निभा सकते हैं। गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद से टीम इंडिया मध्यक्रम में एक बाएं हाथ के बल्लेबाज को प्राथमिकता दे रही है। फिलहाल अक्षर पटेल या वॉशिंगटन सुंदर को ऊपर प्रमोट किया जा रहा है, लेकिन 2027 वर्ल्ड कप के लिहाज से यह स्थायी समाधान नहीं लगता।
ईशान के आने से केएल राहुल नंबर 5 पर खेल सकते हैं और ईशान नंबर 6 पर हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर पारी को शानदार तरीके से फिनिश कर सकते हैं। इससे भारत की बल्लेबाजी में गहराई और आक्रामकता दोनों बढ़ेगी। 11 जनवरी को वडोदरा में होने वाले पहले वनडे के लिए टीम का चयन अगले एक हफ्ते में होना है। ईशान की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनका दावा सबसे मजबूत नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications