IND vs NZ: धमाकेदार रिकॉर्ड्स के नाम रहा मैच, शुभमन गिल ने किया आगाज, ब्रेसवेल ने दिया अंजाम
हैदराबाद में हुआ ये मुकाबला शुभमन गिल के दोहरे शतक और अंत में ब्रेसवेल की तूफानी बल्लेबाजी के नाम रहा जिसने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ मुकाबला पूरी तरह से शुभमन गिल के नाम रहा जहां उन्होंने पारी का अंत आते-आते अलग ही लेवल की क्लास का परिचय दिया और सीधे छक्के मारते हुए क्रिकेट में कई नए फैंस जोड़ लिए। अब शुभमन गिल अगले लेवल के खिलाड़ी हैं क्योंकि ये पारी महज एक तुक्का नहीं है बल्कि इसकी बुनियाद हमनें गिल की कई पारियों में बनती हुई देखी है। ये मैच गिल के अलावा सिराज और कीवी माइकल ब्रेसवेल के लिए भी चर्चित रहा। खासकर ब्रेसवेल की पारी अगर न्यूजीलैंड को जीत दिला देती तो माइकल ही मैच के जादूगर साबित होते लेकिन शुभमन की क्लास फिर भी अपनी जगह कायम रहती।

भारत की गेंदबाजी के अगुआ मोहम्मद सिराज थे
अब भारत की जीत ने गिल की पारी को और निखार दिया है। शुभमन गिल ने पूरे स्टाइल में अपना पहला दोहरा शतक दर्ज किया और टीम इंडिया को 50 ओवरों में 349/8 का विशाल स्कोर बनाने में मदद की।
जवाब में माइकल ब्रेसवेल ने मिशेल सेंटनर के साथ सातवें विकेट के लिए 162 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की, जिसमें ब्रेसवेल ने 140 रन बनाए और सेंटनर ने 57 रन बनाए। खैर ये भारत की गेंदबाजी के अगुआ मोहम्मद सिराज थे जिन्होंने इस साझेदारी को तोड़ा और भारत को खेल में वापस ला दिया और अंत में शार्दुल ठाकुर ने भी बढ़िया गेंदबाजी का परिचय दिया।

पहले वनडे में दर्ज रिकॉर्ड पर नजर
कुल मिलाकर मुकाबला बड़ा रोचक रहा जहां भारत की बैटिंग में शुभमन और गेंदबाजी में सिराज हीरो थे। इन दोनों के प्रदर्शन पर न्यूजीलैंड का भी अपना जलवा कायम रहा और कीवियों ने आखिर तक हिम्मत ना हारकर बताया कि ऐसे मुकाबलों में कोई नहीं हारता सिर्फ क्रिकेट ही जीत जाता है। इस बीच आइए भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे से दर्ज रिकॉर्ड पर नजर डालते हैं-
अब सभी जानते हैं कि शुभमन गिल (19) वनडे में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय बन चुके हैं। वे वर्ल्ड लेवल पर भी सबसे तेज 18 पारियों के साथ फखर जमान के साथ हैं, इसके बाद इमाम-उल-हक हैं जो 19 पारियों में सबसे तेज 1000 वनडे रनों तक पहुंचे थे। हालांकि गिल (1102) ने अब पहली 19 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। वे वनडे क्रिकेट में डबल सेंचुरी लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए हैं। वनडे क्रिकेट में आप अधिकतर रिकॉर्ड उपमहाद्वीप के बल्लेबाजों के नाम पाएंगे।

शुभमन गिल ने किया आगाज
रोहित शर्मा ने वनडे में तीन दोहरे शतक लगाए हैं लेकिन ये करियर की शुरुआत में नहीं आए थे। अब तो गिल और किशन जैसे बल्लेबाजों ने शुरुआती पारियों में ही ये मुकाम हासिल कर लिया है। सबसे कम पारियों में दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शुभमन गिल तीसरे नंबर पर हैं क्योंकि ईशान किशन (9 पारियों) पहले नंबर पर बने हुए हैं।
जाहिरी तौर पर ये पारी पूरी तरह से गिल के नाम रही क्योंकि बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए जिसके चलते भारत ने डबल सेंचुरी के बावजूद मात्र 349 रनों का ही स्कोर सेट किया जो वनडे में एक टीम द्वारा दर्ज किया गया सबसे कम स्कोर है जब एक बल्लेबाज दोहरा शतक लगाता है। दूसरा सबसे कम स्कोर 2015 में जिम्बॉब्वे के खिलाफ वेस्टइंडीज द्वारा 372/2 है।

ब्रेसवेल ने दिया अंजाम
इस मैच में बड़े टारगेट को चेज करने उतरी न्यूजीलैंड की गाड़ी लड़खड़ा रही थी लेकिन माइकल ब्रेसवेल/मिचेल सेंटनर ने भारत के खिलाफ सातवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी (162) दर्ज की और मैच में फिर रोमांच ला दिया। पिछला बेस्ट महमूदुल्लाह / मेहदी हसन मिराज के बीच 148 रन था।
माइकल ब्रेसवेल ने जो 140 रनों की पारी खेली है वो 7 या उससे कम पर बल्लेबाजी करते हुए तीसरा संयुक्त उच्चतम स्कोर है। इससे पहले ल्यूक रोंची ने श्रीलंका के खिलाफ जो नाबाद 170 रन बनाए वो इस नंबर पर उच्चतम स्कोर है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications