IND vs NZ 1st ODI: ऋषभ पंत की जगह इस दिग्गज की टीम में एंट्री, क्या पहले वनडे में प्लेइंग 11 में मिलेगा मौका?
IND vs NZ 1st ODI Playing 11: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से ठीक पहले स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत चोटिल होकर बाहर हो गए। कयास लगाए जा रहे थे कि अनुभवी ईशान किशन की वापसी होगी, लेकिन चयनकर्ताओं ने युवा सनसनी ध्रुव जुरेल पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम में शामिल कर लिया है। ऋषभ पंत की जगह जुरेल को वनडे टीम में मौका दिया गया है।
ऋषभ पंत की चोट पर BCCI का आधिकारिक अपडेट (IND vs NZ 1st ODI Playing 11)
BCCI ने एक बयान जारी कर बताया कि शनिवार दोपहर वड़ोदरा के BCA स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस के दौरान पंत को अचानक दाहिने पेट के हिस्से में खिंचाव महसूस हुआ। आनन-फानन में उनका MRI स्कैन कराया गया, जिसमें 'इंटरनल ऑब्लिक टीयर' पाया गया है। इस चोट के कारण वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। पंत टीम में केएल राहुल के बैकअप विकेटकीपर के तौर पर शामिल थे।

ईशान किशन को क्यों नहीं मिला मौका?
पंत के बाहर होते ही हर तरफ ईशान किशन का नाम गूंजने लगा था। किशन के पास 27 वनडे मैचों का अनुभव है और उनके नाम एक दोहरा शतक भी दर्ज है। हालांकि, रिपोर्ट्स की मानें तो चयनकर्ता फिलहाल ईशान किशन को केवल टी20 स्पेशलिस्ट के तौर पर देख रहे हैं। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज और वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली है, लेकिन वनडे फॉर्मेट के लिए टीम मैनेजमेंट कुछ नया आजमाना चाहता था।
ध्रुव जुरेल की टीम में एंट्री
ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल करने के पीछे उनका घरेलू क्रिकेट में 'तूफानी' प्रदर्शन है। उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हुए विजय हजारे ट्रॉफी के महज 7 मैचों में जुरेल ने 93 की औसत से 558 रन ठोक दिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 4 अर्धशतक निकले। उनके इसी शानदार फॉर्म ने उन्हें ईशान किशन से रेस में आगे कर दिया।
क्या पहले वनडे में मिलेगा डेब्यू का मौका?
ध्रुव जुरेल शनिवार रात को ही टीम इंडिया के साथ वड़ोदरा में जुड़ चुके हैं। हालांकि, जानकारों का मानना है कि उन्हें पहले वनडे की प्लेइंग-11 में मौका मिलना मुश्किल है। केएल राहुल मुख्य विकेटकीपर के तौर पर खेलेंगे। जुरेल को डेब्यू के लिए तब तक इंतजार करना पड़ सकता है जब तक टीम इंडिया सीरीज अपने नाम न कर ले। अगर भारत शुरुआती दो मैच जीत लेता है, तो इंदौर में होने वाले तीसरे वनडे में जुरेल को कैप मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications