IND vs ENG: क्या 5 नहीं अब 6 मार्च को खेला जाएगा भारत-इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मैच? ICC ने दिया अपडेट
IND vs ENG T20 World Cup: टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में कल (गुरुवार) मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम जहां वेस्टइंडीज पर शानदार जीत के बाद सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं गत चैंपियन इंग्लैंड अपने विजय रथ को बरकरार रखना चाहेगा। हालांकि, इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले फैंस की नजरें आसमान पर टिकी हैं, क्योंकि बारिश खेल का मजा किरकिरा कर सकती है।
मैच के दौरान बारिश हुई तो क्या होगा? (IND vs ENG T20 World Cup)
आईसीसी ने नॉकआउट मुकाबलों के लिए कड़े और स्पष्ट नियम बनाए हैं। यदि गुरुवार (5 मार्च) को बारिश के कारण खेल बाधित होता है, तो अंपायरों की पहली प्राथमिकता उसी दिन मैच पूरा करने की होगी। इसके लिए निर्धारित समय के अतिरिक्त 90 मिनट का समय दिया गया है। अगर गुरुवार को न्यूनतम 5 ओवर का खेल भी संभव नहीं हो पाता है, तो मैच 'रिजर्व डे' यानी शुक्रवार (6 मार्च) को खेला जाएगा।

ऐसा हुआ तो 6 मार्च को होगा मैच
रिजर्व डे के दिन खेल को पूरा करने के लिए अतिरिक्त 120 मिनट का समय आवंटित किया गया है। नियम के अनुसार, मैच वहीं से शुरू होगा जहां पिछले दिन रुका था। क्रिकेट फैंस के लिए सबसे चिंताजनक पहलू वह नियम है, जो मैच रद्द होने की स्थिति में लागू होगा। यदि भारी बारिश के कारण 'रिजर्व डे' पर भी परिणाम नहीं निकलता है, तो फैसला सुपर-8 की अंक तालिका के आधार पर किया जाएगा।
इंग्लैंड को मिलेगा जबरदस्त फायदा
ऐसे में इंग्लैंड की टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। कारण यह है कि इंग्लैंड ने अपने सुपर-8 ग्रुप में 3 जीत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि भारत अपने ग्रुप में 2 जीत के साथ दूसरे स्थान पर रहा था। यही नियम पहले सेमीफाइनल (साउथ अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड) पर भी लागू होगा। यदि वह मैच भी रद्द होता है, तो अपने ग्रुप में अजेय रहने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।
भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल का इतिहास काफी दिलचस्प रहा है। साल 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था, जबकि 2024 में टीम इंडिया ने पलटवार करते हुए इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था। दिलचस्प संयोग यह है कि पिछले दो संस्करणों में जो भी टीम इस सेमीफाइनल को जीती है, वही विश्व विजेता बनी है।












Click it and Unblock the Notifications