IND vs ENG: शुभमन गिल पर मेहरबान हुए गावस्कर, खास तोहफा देते हुए कहा- सबको नहीं देता!
IND vs ENG, Shubman Gill: ओवल टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है। इसी खास मौके पर भारतीय क्रिकेट के लीजेंड सुनील गावस्कर ने युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को एक बेहद खास तोहफा देकर सबका ध्यान खींच लिया। सुनील गावस्कर ने गिल को अपनी एक खास शर्ट और एक ऑटोग्राफ वाली टोपी भेंट की, जिसे वह बहुत कम लोगों को देते हैं।
शुभमन गिल को मिला खास तोहफा (IND vs ENG, Shubman Gill)
शुभमन गिल ने इस टेस्ट सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 10 पारियों में 754 रन बनाए। हालांकि वह गावस्कर के 774 रनों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड से 20 रन दूर रह गए, जो उन्होंने 1970-71 में वेस्टइंडीज के दौरे पर बनाए थे। इसके बावजूद गावस्कर ने गिल की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि मैंने तुम्हारे लिए एक गिफ्ट पहले से ही रखा था, उम्मीद थी कि तुम मेरा रिकॉर्ड तोड़ दोगे। लेकिन अब तुम्हारे पास अगली सीरीज में इसे हासिल करने का लक्ष्य रहेगा।

सुनील गावस्कर ने गिल से कही दिल की बात
सुनील गावस्कर ने गिल को जो शर्ट दी उस पर SG यानी उनके और गिल दोनों के नाम के शुरुआती अक्षर थे। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि ये शर्ट मेरे लिए किसी ने बनवाई थी, लेकिन अब मैं इसे तुम्हें दे रहा हूं। पता नहीं तुम्हें फिट आएगी या नहीं। इसके साथ ही उन्होंने एक टोपी भी दी जिस पर उनका ऑटोग्राफ था और बताया कि वे ये टोपी बहुत ही चुनिंदा लोगों को ही देते हैं।
भारत जीतना चाहेगा मैच
गावस्कर ने गिल की रणनीति की भी तारीफ की, खासकर दिन के आखिरी ओवर में इंग्लैंड के बल्लेबाज ज़ैक क्रॉली को आउट कराने की चाल को शानदार बताया। उन्होंने यह भी कहा कि वह मैच के चौथे दिन अपनी लकी जैकेट पहनकर आएंगे जो उन्होंने गाबा टेस्ट के ऐतिहासिक दिन भी पहनी थी। टीम इंडिया अब इंग्लैंड को 324 रनों पर रोकने और 9 विकेट चटकाने से सिर्फ एक जीत दूर है। ऐसे में सुनील गावस्कर का आशीर्वाद और शुभमन गिल की फॉर्म टीम के लिए जीत का रास्ता आसान बना सकती है।












Click it and Unblock the Notifications