'विराट होते तो Tea से पहले इंग्लैंड की छुट्टी कर देते', गिल की कप्तानी पर उठे बड़े सवाल
IND vs ENG Shubman Gill: भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में खेला गया पहला टेस्ट मैच भारत के लिए निराशाजनक रहा। इंग्लैंड ने पांचवें दिन 371 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को पांच विकेट से हराया। यह इंग्लैंड का टेस्ट इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा रन चेज था। मैच के बाद भारत के युवा कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी पर कई सवाल उठे।
शुभमन गिल की कप्तानी पर उठे सवाल (IND vs ENG Shubman Gill)
भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने शुभमन गिल की रणनीति को बेहद डिफेंसिव बताया। उन्होंने कहा कि गिल ने पहले ही दिन से काफी ज्यादा बाउंड्री फील्डर लगाए, जिससे इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बन सका। मांजरेकर ने कहा कि विराट कोहली ऐसा कभी नहीं करते। वे कहते कि हमारे पास काफी रन हैं, मैं चाय से पहले सबको आउट कर दूंगा।

कमजोर नजर आई भारतीय गेंदबाजी
हालांकि मांजरेकर ने यह भी माना कि शुभमन गिल के पास वैसी मजबूत तेज गेंदबाजी नहीं है जैसी विराट के समय होती थी। उस समय बुमराह, शमी और ईशांत जैसे अनुभवी गेंदबाज टीम में थे। मैच के पांचवें दिन इंग्लैंड ने 21 रन पर बिना विकेट खोए शुरुआत की। डकेट (149 रन) और क्रावले (65 रन) ने भारत के गेंदबाजों की एक नहीं चलने दी। दोनों ने 188 रनों की ओपनिंग साझेदारी कर मैच का रुख ही बदल दिया। डकेट का कैच यशस्वी जायसवाल ने 97 पर छोड़ दिया, जो भारी पड़ा।
इंग्लैंड ने जीत के साथ किया आगाज
हालांकि भारत को दोपहर के बाद प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर ने कुछ उम्मीदें दिलाईं, लेकिन इंग्लैंड की टीम फिर भी डगमगाई नहीं। आखिरी झटका रवींद्र जडेजा ने कप्तान स्टोक्स को देकर दिया, लेकिन फिर जो रूट (53*) और जेमी स्मिथ (44*) ने मैच खत्म कर दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में बढ़त बना ली। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में भारत के लिए जीत दर्ज करना बेहद जरूर हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications