ICC Ranking: 2 टेस्ट में 585 रन भी नहीं दिला सका शुभमन को नंबर-1 का ताज, इंग्लैंड के बल्लेबाज ने मारी बाजी
ICC Ranking, Shubman Gill: इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने ताज़ा आईसीसी टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। भारत के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट में शानदार 158 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपने ही हमवतन जो रूट को पीछे छोड़कर नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली है। ब्रूक अब 886 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ टॉप पर पहुंच गए हैं और रूट का छह महीने पुराना खिताब अपने नाम कर लिया है।
शुभमन गिल ने बल्ले से किया कमाल (ICC Ranking, Shubman Gill)
भारत के कप्तान शुभमन गिल की बात करें तो उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में 269 और दूसरी पारी में 161 रन बनाए। एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 150 से ज्यादा रन बनाने वाले वह सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने हैं। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत मैच स्कोर (430 रन) भी अपने नाम कर लिया है।

शुभमन गिल ने लगाई रैंकिंग में 15 पायदान की छलांग
इस प्रदर्शन की बदौलत शुभमन गिल रैंकिंग में 15 पायदान की छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 6वीं रैंक पर पहुंच गए हैं। गिल इस सीरीज की शुरुआत 23वें नंबर से कर रहे थे और अब टॉप-10 में पहुंच चुके हैं। लेकिन वह दो मैच में 585 रन जड़ने के बाद भी नंबर वन का ताज हासिल नहीं कर सके। इससे पहले उनका बेस्ट 14वां स्थान था जो उन्होंने पिछले साल सितंबर में हासिल किया था।
रवींद्र जडेजा को भी मिला फायदा
रवींद्र जडेजा भी बैटिंग रैंकिंग में अपनी स्थिति को बेहतर किया है। उन्होंने इस टेस्ट में 89 और नाबाद 69 रन की पारियां खेली, जिसके चलते वह 6 पायदान चढ़कर 39वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने भी पहली बार टॉप-10 में जगह बना ली है। उनकी दो शानदार पारियां 184* और 88 उन्हें सीधे 16 स्थान ऊपर 10वें नंबर पर ले आई हैं।
मोहम्मद सिराज और आकाश दीप का दिखा दम
गेंदबाज़ों की रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने झंडा गाड़ा। मोहम्मद सिराज ने इस टेस्ट में 7 विकेट झटके और वह अब 6 स्थान ऊपर चढ़कर 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं आकाशदीप ने मैच में कुल 10 विकेट लिए और वह 39 पायदान की लंबी छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 45वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर भी सुर्खियों में हैं। उन्होंने बुलावायो टेस्ट में नाबाद 367 रन बनाए और कुल मिलाकर 531 रन और 7 विकेट के साथ सीरीज समाप्त की।












Click it and Unblock the Notifications