IND vs ENG: आखिरी तीन टेस्ट के लिए भारतीय टीम का ऐलान आज! क्या होगी किंग कोहली की वापसी?
IND Vs ENG Test Series: इंग्लैंड के खिलाफ पहला मुकाबला हारने के बाद भारतीय टीम सीरीज में वापसी करने को बेताब है। 2 फरवरी से भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापट्टनम में पांच मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। भारत की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर सीरीज को बराबरी पर लाने की होगी।
टीम का ऐलान हो सकता है आज
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले के लिए टीम का ऐलान कर दिया था। लेकिन बचे हुए तीन मुकाबले में किन खिलाड़ियों को मौका मिलेगा यह तय होना अभी बाकी है। मंगलवार 30 जनवरी को बीसीसीआई इंग्लैंड के खिलाफ बचे हुए तीन मुकाबले के लिए टेस्ट टीम का ऐलान कर सकती है। इस टीम में कई बड़े बदलाव किए जाने की संभावना है।

तीन नए खिलाड़ियों की एंट्री
भारत की तरफ से पहले टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और रविंद्र जडेजा ने बल्ले का दम दिखाया था। हालांकि, दूसरे टेस्ट से पहले ही रविंद्र जडेजा और केएल राहुल चोटिल होकर टीम से बाहर हो गए हैं। दूसरे मुकाबले के लिए टीम में सरफराज खान, वाशिंगटन सुंदर और सौरभ कुमार को जगह दी गई है।
पहली बार मिला मौका
सरफराज खान और सौरभ कुमार को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो मैच की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में भारत ए की तरफ से शानदार प्रदर्शन किया था। यही वजह है कि सरफराज खान और सौरभ कुमार दोनों को ही भारतीय टीम में जगह दी गई है।
कोहली की वापसी पर नजर
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने पहले दो टेस्ट मैचो से अपना नाम वापस ले लिया था। उन्होंने निजी कारण का हवाला देते हुए यह फैसला लिया था। ऐसे में फैंस की नजरें विराट कोहली की वापसी पर टिकी हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात का दावा किया जा रहा है कि विराट कोहली बचे हुए तीन मुकाबले से भी बाहर रह सकते हैं। विराट कोहली को लेकर क्रिकेट बोर्ड की तरफ से भी अभी तक किसी तरह की कोई पुष्टि नहीं की गई है।












Click it and Unblock the Notifications