IND vs ENG: इतिहास रचने से चूक गए KL राहुल, सुनील गावस्कर का 53 साल पुराना रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए
IND vs ENG KL Rahul: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ का आखिरी मुकाबला ओवल में खेला जा रहा है। टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज़ केएल राहुल ने एक बार फिर से अपने फॉर्म का जबरदस्त प्रदर्शन किया। हालांकि, वो सिर्फ 10 रन से एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने से चूक गए। केएल राहुल अगर दूसरी पारी में 10 रन और बना लेते तो वह इतिहास रचने में कामयाब हो जाते।
केएल राहुल ने सीरीज में बनाए 532 रन (IND vs ENG KL Rahul)
केएल राहुल ने इस सीरीज़ में कुल 532 रन बनाए हैं, जो उनके टेस्ट करियर की किसी भी एक सीरीज़ में सबसे अधिक रन है। उन्होंने इस दौरे में 1000 से ज़्यादा गेंदों का सामना किया। लेकिन आखिरी टेस्ट की दूसरी पारी में राहुल लय में नज़र नहीं आए। उन्होंने सिर्फ 7 रन बनाए और तेज़ गेंदबाज़ जॉश टंग की गेंद पर आउट हो गए। उनके जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल ने शुरुआत में आक्रामक बल्लेबाज़ी कर पारी को गति देने की कोशिश की, लेकिन राहुल अपनी लय नहीं बना सके।

सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए
केएल राहुल का इस सीरीज में प्रदर्शन इतना शानदार रहा कि वो लगभग सुनील गावस्कर के 1979 में बनाए गए 542 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ देते। गावस्कर के नाम अब भी इंग्लैंड के खिलाफ किसी भी टेस्ट सीरीज़ में भारतीय ओपनर द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। इस सीरीज़ में चोट के बाद वापसी कर रहे राहुल ने दिखा दिया कि उनमें अब भी मैच जिताने की काबिलियत है। उन्होंने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाज़ी की और टीम को कई मौकों पर मजबूती दी।
बतौर ओपनर किया कमाल
वहीं तीसरी पारी में यशस्वी जायसवाल ने शानदार हाफ सेंचुरी जड़ी। उन्होंने एक दमदार अपरकट सिक्स से अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, इसके कुछ देर बाद साई सुदर्शन सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। इस सीरीज़ में राहुल की बल्लेबाज़ी ने ना सिर्फ आलोचकों को जवाब दिया, बल्कि आने वाले टेस्ट मुकाबलों के लिए टीम इंडिया को एक भरोसेमंद ओपनर भी दिया है।
इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज़ में भारतीय ओपनर्स के सर्वाधिक रन
542 रन - सुनील गावस्कर (1979)
532 रन - केएल राहुल (2025)
402 रन - मुरली विजय (2014)
368 रन - रोहित शर्मा (2021-22)












Click it and Unblock the Notifications