IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह दूसरा टेस्ट खेलेंगे या नहीं? वीडियो आया सामने, सस्पेंस पर लगा ब्रेक!
IND vs ENG Jasprit Bumrah: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले बर्मिंघम में नेट्स पर गेंदबाजी करते हुए देखा गया। 2 जुलाई से शुरू होने वाले इस मुकाबले से पहले जसप्रीत बुमराह ने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की, जिससे फैंस के बीच उनकी वापसी की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह मैच खेलेंगे या नहीं, क्योंकि उनकी फिटनेस और वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर टीम मैनेजमेंट सतर्क है।
बुमराह ने पहले मैच में लिए थे पांच विकेट (IND vs ENG Jasprit Bumrah)
दरअसल, पहले टेस्ट में जसप्रीत बुमराह ने दोनों पारियों में मिलाकर 43.4 ओवर डाले थे और कुल 5 विकेट लिए थे। लेकिन दूसरी पारी में वह कोई विकेट नहीं ले पाए थे और 57 रन लुटाए थे। इंग्लैंड ने उस मैच में 370 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल कर भारत को 5 विकेट से हरा दिया था। भारतीय टीम की गेंदबाजी में बुमराह के अलावा कोई और गेंदबाज खास असर नहीं डाल सका था।

कोच गौतम गंभीर ने कही थी ये बात
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने पहले ही साफ किया था कि बुमराह को पूरी सीरीज में सिर्फ तीन टेस्ट ही खेलने हैं और कौन से तीन होंगे, इसका फैसला उनकी फिटनेस के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि बुमराह के वर्कलोड को मैनेज करना बेहद ज़रूरी है क्योंकि हमारे पास आगे काफी क्रिकेट बचा है। हमने उन्हें तीन टेस्ट खेलने के लिए चुना है, लेकिन कौन से तीन होंगे, वो उनके शरीर की स्थिति पर निर्भर करेगा।
अर्शदीप सिंह की हो सकती है टीम में एंट्री
एक दिन पहले यानी 27 जून को बुमराह ने नेट्स में गेंदबाजी नहीं की थी, लेकिन 28 जून को उन्होंने पूरी ताकत से गेंदबाजी कर सभी को चौंका दिया। वहीं दूसरी ओर कोच गंभीर को अर्शदीप सिंह और आकाश दीप के साथ रणनीति बनाते हुए भी देखा गया, जिससे यह भी संकेत मिला कि टीम उनके विकल्प पर विचार कर रही है। ऐसी उम्मीदें है कि अर्शदीप सिंह को दूसरे टेस्ट में खेलने का मौका मिल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि बुमराह दूसरे टेस्ट में खेलते हैं या नहीं, खासकर तब जब भारत पहले ही सीरीज में 0-1 से पीछे है। अगर बुमराह को आराम दिया गया तो टीम की गेंदबाजी की अग्नि परीक्षा जरूर होगी। टीम के लिए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा गेंद से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे।












Click it and Unblock the Notifications