IND vs ENG: बुमराह की खतरनाक यॉर्कर ने निकाला ओली पोप का दम, तीनों विकेट ले उड़ी गेंद, देखें वीडियो
India vs England: हैदराबाद टेस्ट मैच में इंग्लैंड के लिए ओली पोप हीरो बनकर निकले थे। ओली पोप ने उस मैच की दूसरी पारी में अपने बल्ले से तबाही मचाते हुए 196 रन बनाकर इंग्लिश टीम को मैच जिताने में अपना अहम योगदान दिया था। इस बार बुमराह ने पोप की होप खत्म कर दी।
ओली पोप इस बार भी क्रीज पर टिकने में सफल रहे थे। अच्छी शुरुआत के बाद ऐसा लग रहा था कि उनका बल्ला इस बार भी आग उगलने वाला है लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और इसका क्रेडिट जसप्रीत बुमराह को ही जाता है। वह 23 रन बनाकर आउट हो गए।

बुमराह की एक ऐसी यॉर्कर गेंद आई जिसने पोप को चारों खाते चित कर दिया। बल्लेबाज ने सोचा नहीं था कि बुमराह के दिमाग में क्या चल रहा है। वह गुड लेंथ गेंद का इंतजार का रहे थे लेकिन यह एक फुल लेंथ की यॉर्कर गेंद आई और यह तूफानी अंदाज में बल्ले और पैड्स को चीरकर निकल गई।
जब तक ओली पोप कुछ समझ पाते, गेंद ने विकेटों को धराशाई कर दिया। यह गेंद इतनी खतरनाक थी कि ओली पोप के तीनों विकेटों को ले उड़ी। बुमराह की यह गेंद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और हर किसी ने यह देखकर दांतों तले उंगलियाँ दबा ली।
इससे पहले जो रूट को भी बुमराह ने एक प्लान के तहत आउट किया। जो रूट को सेटअप करते हुए आउट किया गया। पहले दो गेंदों को अन्दर लाए, इससे रूट को लगा कि आगे भी ऐसा होने वाला है लेकिन बुमराह ने बाहर की तरफ स्विंग कराते हुए रूट का किनारा लगवाकर स्लिप में आउट करा दिया।












Click it and Unblock the Notifications