IND vs ENG: बुमराह ने बल्ला चीरकर स्टोक्स को किया बोल्ड, हैरान इंग्लिश कप्तान का मज़ेदार रिएक्शन वायरल
India vs England: विशाखापट्टनम टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को पहली पारी में चारों खाने चोट कर दिया। इसमें सबसे अहम योगदान जसप्रीत बुमराह का रहा है। बुमराह ने कुल 6 विकेट लेकर इंग्लिश टीम की कमर ही तोड़ डाली। वह सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले भारतीय बन गए, कपिल देव को उन्होंने पछाड़ दिया।
बुमराह ने इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स को अपना पांचवां शिकार बनाया और यह एक मजेदार गेंद थी। स्टोक्स गेंद की लाइन में आने का प्रयास करते हुए डिफेन्स कर रहे थे। गेंद बल्ले और पैड के बीच से निकलकर उनका ऑफ़ स्टम्प ले उड़ी। इस पर स्टोक्स हैरान हुए।

स्टोक्स ने दोनों हाथ उठाकर इशारों में कहा कि यह कैसी गेंद थी, कुछ समझ नहीं आया और यह मेरा विकेट ले उड़ी। स्टोक्स के इशारे वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कॉमेंट्री बॉक्स में भी इस गेंद को लेकर काफी चर्चा देखने को मिली।
इससे पहले बुमराह ने ओली पोप को भी हैरान कर दिया था। यह गेंद सबसे ज्यादा खतरनाक थी। ओली पोप को बुमराह ने एक तेज यॉर्कर डाली, इसे वह संभालने में नाकाम रहे थे। उस गेंद को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा हुई। बुमराह ने 45 रन देकर 6 विकेट हासिल किये और इंग्लैंड 253 पर आउट हुई। भारत ने पहली पारी के आधार पर 143 रनों की लीड हासिल की।
दिन का खेल समाप्त होने के बाद बुमराह ने कहा कि मैं नम्बर्स पर ध्यान नहीं देता, क्योंकि जब तक आप अपनी टीम को जीत नहीं दिलाते तब तक वास्तव में कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने यह भी कहा कि लोग हर दूसरी गेंद पर चमत्कार का प्रयास करते हैं लेकिन आपको धैर्य रखना होता है, बल्लेबाज को सेट करना होगा। आपकी योजना ऐसी होनी चाहिए, जिससे अपनी गेंद का बुद्धिमानी से इस्तेमाल किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications