IND vs ENG: 148 साल में कभी नहीं हुआ ये कमाल! क्या इंग्लैंड की टीम रच पाएगी इतिहास या भारत को मिलेगी जीत?
IND Vs ENG 5th Test Day 3: ओवल टेस्ट के तीसरे दिन भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 374 रनों का विशाल लक्ष्य रख दिया है। यशस्वी जायसवाल की शानदार शतकीय पारी और वॉशिंगटन सुंदर की तूफानी फिफ्टी की बदौलत टीम इंडिया ने मुकाबले पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए थे।
भारत ने तीसरे दिन किया कमाल (IND Vs ENG 5th Test Day 3)
भारत ने तीसरे दिन की शुरुआत 75/2 से की। नाइटवॉचमैन के तौर पर आए तेज गेंदबाज़ आकाश दीप ने अपने करियर की पहली टेस्ट फिफ्टी जमाकर सबको चौंका दिया। उन्होंने 66 रन बनाए और यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 107 रन की अहम साझेदारी की। आकाश दीप ने वो कर दिखाया जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने दिन का खेल शुरू होने से पहले की होगी।

यशस्वी जायसवाल ने जड़ा शतक
दूसरी तरफ यशस्वी जायसवाल ने मुश्किल पिच पर धैर्य के साथ बल्लेबाज़ी करते हुए 118 रनों की जुझारू पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का छठा शतक था। हालांकि इंग्लैंड की खराब फील्डिंग ने भारत को कई मौकों पर जीवनदान दिया। शुभमन गिल (11) और करुण नायर (17) जल्दी आउट हो गए, लेकिन रविंद्र जडेजा (53) और वॉशिंगटन सुंदर (53 रन, 46 गेंदों में) ने स्कोर को 396 तक पहुंचाया। सुंदर ने अपनी पारी में शानदार छक्के लगाए और विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
भारत को 9 विकेट की जरूरत
इंग्लैंड के लिए सबसे सफल गेंदबाज़ गस एटकिन्सन रहे, जबकि टीम ने पूरे दिन में कुल 6 कैच टपकाए जिससे भारत को बढ़त बनाने में मदद मिली। चौथे दिन इंग्लैंड को जीत के लिए अभी 324 रन और चाहिए, जबकि भारत को 9 विकेट लेने होंगे। स्टंप्स तक बेन डकेट 34 रन बनाकर नाबाद हैं। मोहम्मद सिराज ने ज़ैक क्रॉली को शानदार यॉर्कर से बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई।












Click it and Unblock the Notifications