IND vs ENG: शुभमन गिल और अंपायर के बीच तीखी बहस, लॉर्ड्स में दिखा हाई वोल्टेज ड्रामा, वीडियो वायरल
IND vs ENG 3rd Test, Shubman Gill: लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के दूसरा दिन दोनों टीम के लिए अहम है। लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन का पहला सत्र पूरी तरह से भारत के नाम रहा, खासकर जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाज़ी की बदौलत भारत ने जोरदार वापसी की। सुबह की शुरुआत इंग्लैंड के लिए निराशाजनक रही।
बुमराह की घातक गेंदबाजी (IND vs ENG 3rd Test, Shubman Gill)
जसप्रीत बुमराह ने लगातार घातक गेंदबाज़ी करते हुए इंग्लैंड की उम्मीदों को झटका दिया। उन्होंने पहले कप्तान बेन स्टोक्स (44) को क्लीन बोल्ड किया, इसके बाद दुनिया के टॉप टेस्ट बल्लेबाज़ जो रूट (104) को भी उनकी गिल्लियां बिखेरकर पवेलियन लौटा दिया। रूट ने 199 गेंदों में 10 चौकों की मदद से शानदार शतक लगाया, लेकिन बुमराह की आग उगलती गेंद के सामने टिक नहीं पाए।

अंपायर से हुई गिल की बहस
दूसरे दिन एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल और अंपायर के बीच गेंद बदलने को लेकर बहस हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, टेस्ट मैचों में ड्यूक्स गेंद का इस्तेमाल होता है, लेकिन हाल के मुकाबलों में देखा गया है कि यह गेंद बहुत जल्दी नरम और बेडौल हो जाती है। यही कारण है कि दोनों टीमों के गेंदबाज कई बार अंपायर से गेंद बदलने की मांग कर चुके हैं।
वीडियो हो रहा जमकर वायरल
इसी तरह के एक मौके पर 97वें ओवर में भारत की अपील पर अंपायर ने गेंद बदल दी, लेकिन उसके बाद गिल कुछ खास खुश नजर नहीं आए। वीडियो में देखा गया कि गेंद बदले जाने के बाद भी शुभमन गिल लगातार अंपायर से कुछ कह रहे हैं और उनके चेहरे पर नाराजगी साफ देखी जा सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि जो नई गेंद दी गई वह पहले से भी ज्यादा नरम थी, जिससे गिल और गेंदबाज दोनों निराश हो गए।
इस बहस के बाद भी गेंद से संतोषजनक स्विंग नहीं मिल रहा था, इसलिए भारत ने दो ओवर बाद फिर से गेंद बदलने की मांग की, जिसे इस बार अंपायर ने मान लिया। हालांकि, शुभमन गिल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। फैंस इस बहस को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग गिल के जज्बे की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ इसे खेल भावना के खिलाफ बता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications