IND vs ENG: हार के बाद टीम इंडिया को लगा जोरदार झटका, दूसरे टेस्ट से बाहर हो सकता है यह दिग्गज
IND Vs ENG 2nd Test Ravindra Jadeja: इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम को पांच मैच की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। शुरुआती 2 दिन में भारतीय टीम इस मुकाबले में काफी आगे दिखाई पड़ रही थी। भारत ने इंग्लैंड पर 190 रनों की बढ़त भी हासिल की थी। लेकिन इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब भारतीय टीम किसी टेस्ट मैच में 100 से अधिक रनों की लीड लेने के बावजूद भी मुकाबला गंवा बैठी है।
202 रनों पर सिमट गई भारतीय टीम
चौथी पारी में भारतीय टीम को जीत के लिए 231 रनों की जरूरत थी। विराट कोहली की गैर मौजूदगी में भारतीय टीम के बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ इस लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहे। चेतेश्वर पुजारा की जगह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने वाले शुभमन गिल दोनों ही पारियों में बुरी तरह से फ्लॉप रहे। ऐसे में उनकी जगह पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। भारत चौथी पारी में 202 रनों पर सिमट गई।

भारत को लगा एक और झटका
हैदराबाद टेस्ट मैच हारने के साथ ही भारतीय टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। भारतीय टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी रविंद्र जडेजा के हैमस्ट्रिंग में खिंचाव होने के कारण उनका आगे खेलना मुश्किल दिखाई पड़ रहा है। रविंद्र जडेजा को मैदान पर अपने पैरों को पकड़े हुए असहज हालत में देखा गया। जडेजा की चोट भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
जडेजा का खेलना मुश्किल
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 2 फरवरी से विशाखापट्टनम में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में रविंद्र जडेजा का खेलना मुश्किल दिखाई दे रहा है। जडेजा अगर अगले चार दिनों में चोट से रिकवर कर पाते हैं तो ही वह टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन पाएंगे। पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में रविंद्र जडेजा भारत की तरफ से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने टीम के लिए 87 रनों की शानदार पारी खेली थी।
कोच द्रविड़ ने कही ये बात
रविंद्र जडेजा को लेकर भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ ने भी मीडिया से कुछ बातों का जिक्र किया। राहुल द्रविड़ ने कहा हम देखते हैं, ईमानदारी से कहूं तो मुझे अभी तक फिजियो से बात करने का मौका नहीं मिला है। उनसे बात करने के बाद ही रविंद्र जडेजा की मौजूदा स्थिति के बारे में पता चल पाएगा। बता दें की हैमस्ट्रिंग इंजरी में खिलाड़ी को रिकवर करने में लंबा समय लगता है। अगर यह सिर्फ एक मामूली खिंचाव है तो फिर रविंद्र जडेजा की वापसी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications