IND vs ENG: चौथे टेस्ट से पहले भारत को मिली बड़ी राहत, प्रैक्टिस सेशन में मैच विनर ने दिखाया दम, देखें वीडियो
IND vs ENG 2025 4th Test Rishabh Pant: भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट से पहले एक बार फिर विकेटकीपिंग करते हुए देखा गया। सोमवार, 21 जुलाई को मैनचेस्टर में हुए प्रैक्टिस सेशन के दौरान उन्होंने ग्लव्स पहने और विकेट के पीछे अभ्यास किया। तीसरे टेस्ट के दौरान पंत चोटिल हो गए थे, जिसके बाद से उनके चौथे टेस्ट में खेलने पर सस्पेंस बना हुआ था।
पंत को प्रैक्टिस करते हुए देखा गया (IND vs ENG 2025 4th Test Rishabh Pant)
पंत को प्रैक्टिस करते हुए देखकर ऐसा लगता है कि वह अपनी चोट से काफी हद तक उबर चुके हैं। लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन के दूसरे सेशन में पंत के बाएं हाथ की तर्जनी (index finger) में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्होंने बाकी मैच में विकेटकीपिंग नहीं की थी। उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभाली थी। हालांकि, पंत ने बल्लेबाजी में दम दिखाया और पहली पारी में 74 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में 9 रन बनाए थे। भारत यह मुकाबला 22 रनों से हार गया था।

6 पारियों में बनाए 425 रन
अब जब सीरीज़ का चौथा टेस्ट 23 जुलाई से एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर में शुरू होने वाला है तो पंत की वापसी से टीम इंडिया को बड़ा मनोबल मिला है। प्रैक्टिस के दौरान केएल राहुल, शुभमन गिल, करुण नायर और साई सुदर्शन भी स्लिप कॉर्डन में नजर आए। पंत इस सीरीज़ में जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 6 पारियों में 425 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 70.83 और स्ट्राइक रेट 78.41 का रहा है।
ये खिलाड़ी हुए बाहर
कुल मिलाकर उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 46 मैचों में 3,373 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, टीम इंडिया को कुछ चोटों की चिंता भी सता रही है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह बाएं अंगूठे में चोट के कारण चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। वहीं, नितीश कुमार रेड्डी घुटने की चोट के चलते सीरीज़ से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में युवा तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज को शामिल किया गया है।
चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव, अंशुल कम्बोज।












Click it and Unblock the Notifications