IND vs BAN: केएल राहुल के इस खूबसूरत शॉट को देखने के बाद कोहली का मुंह रह गया खुले का खुला, देखें Video
टी20 वर्ल्ड कप 2022 में आज का दूसरा मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच है। टॉस हारने के बाद भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने आई थी। खराब शुरुआत के बावजूद भारत ने बांग्लादेश को 185 रन का लक्ष्य दे दिया है। भारत के लिए आज अच्छी बात यह रही कि केएल राहुल ने अपना फॉर्म हासिल कर लिया। राहुल ने 156.25 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। राहुल की बल्लेबाजी का स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया तो वहीं उनके साथ बल्लेबाजी कर रहे विराट कोहली भी उनकी बैटिंग का लुत्फ उठा रहे थे।

राहुल के शॉट को निहारते ही रह गए कोहली
दरअसल, केएल राहुल ने अपनी पारी के दौरान एक ऐसा शॉट खेला जिसने खुद विराट कोहली को भी हैरान कर दिया। राहुल ने अपनी हाफ सेंचुरी पूरी करने से ठीक पहले लॉन्ग ऑन की तरफ यह छक्का लगाया। यह शॉट इतना खूबसूरत था कि विराट कोहली भी इस शॉट को निहारते हुए नजर आए। राहुल के इस शॉट को देखकर विराट कोहली का मुंह तो खुला का खुला ही रह गया। विराट के इस रिएक्शन को देखकर साफ था कि वो राहुल की बल्लेबाजी से और खासकर इस शॉट से बहुत ही खुश थे।
राहुल को मिला था कोहली से ज्ञान
आपको बता दें कि आज केएल राहुल ने अपना फॉर्म हासिल करते हुए इस टूर्नामेंट का पहला अर्द्धशतक लगाया। राहुल के फॉर्म में आने से विराट कोहली काफी खुश नजर आए। उनका खुश होना बनता भी है, क्योंकि बांग्लादेश के खिलाफ मैच से एक दिन पहले कोहली को नेट प्रैक्टिस में राहुल के साथ समय बिताते हुए देखा गया था। इस दौरान कोहली ने राहुल को कई टिप्स दिए थे, जिसका असर राहुल की बल्लेबाजी में देखने को भी मिला। राहुल ने अपनी पारी की शुरुआत एकदम संभलकर की, लेकिन कुछ ओवर के बाद उन्होंने अपना गियर बदला और एक विस्फोटक पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications