टेस्ट सीरीज में शमी को रिप्लेस करने की चुनौती, इन तीन पेसरों के बीच हो सकता है त्रिकोणीय मुकाबला
वनडे सीरीज हारने के बाद भारत को बांग्लादेश में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है जिसके लिए सिलेक्शन पहले ही समस्या बन गया है क्योंकि शमी और जडेजा जैसे खिलाड़ी चोट से उभर नहीं पाए हैं।

बांग्लादेश दौरे पर वनडे सीरीज हारने के बाद चटोग्राम में 14 दिसंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं क्योंकि उनके गेंदबाजी आक्रमण के कमजोर पड़ने की संभावना है। कप्तान रोहित शर्मा, तेज गेंदबाज दीपक चाहर और कुलदीप सेन तीसरे और अंतिम वनडे से पहले ही बाहर हो चुके हैं। कप्तान रोहित की टेस्ट सीरीज में वापसी की भी संभावना नहीं है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद शमी और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपनी-अपनी चोटों से उबर नहीं पाए हैं और दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं।

फिटनेस की मार
बुमराह पहले ही लंबे समय से बाहर हैं और बीसीसीआई ने अभी तक शमी और जडेजा की उपलब्धता पर ऑफिशियर अपडेट शेयर नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट बताती है कि दोनों बांग्लादेश की यात्रा नहीं करेंगे और अपनी फिटनेस के लिए एनसीए को रिपोर्ट करेंगे। ऐसे में अगर शमी और जडेजा भी बाहर हो जाते हैं तो भारत का गेंदबाजी आक्रमण और गंभीर दबाव में आ सकता है। उमेश यादव, रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद सिराज को फिर वर्कलोड शेयर करना होगा। भारत बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में सीरीज खेलने जा रहा है जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की दौड़ जिंदा रहने के लिए जरूरी है।

उमरान मलिक, नवदीप सैनी और मुकेश कुमार के बीच मुकाबला
अब चोटिल शमी की जगह लेने के लिए उमरान मलिक, नवदीप सैनी और मुकेश कुमार के बीच मुकाबला हो सकता है। मलिक न्यूजीलैंड और बांग्लादेश में अपने हालिया एकदिवसीय मैचों में रफ्तार से प्रभावशाली रहे हैं पर अभी कच्चे मैटेरियल हैं जिनको मनमाफिक बॉलर के तौर तराशने में एक दो साल तक भी लग सकते हैं। लेकिन अभी वे अच्छी स्पीड निकाल रहे हैं जो इन पिचों पर काम आ सकती है। हालांकि टेस्ट मैच उमरान के लिए मुश्किल होंगे क्योंकि वहां लगातार तेज गेंदबाजी से बॉलिंग करने का मतलब है चोट को दावत देना।

रवींद्र जडेजा की जगह ये नाम उभर रहा है
दूसरी ओर बांग्लादेश ए के खिलाफ दो अनौपचारिक टेस्ट में भारत ए के साथ अच्छा प्रदर्शन करने के बाद सैनी और मुकेश भी अपनी संभावनाओं को भुनाने की कोशिश करेंगे। भारत के पास जडेजा की जगह अक्षर पटेल पहले से ही टीम में हैं और अगर उन्हें एक अतिरिक्त स्पिनर की जरूरत है, कुलदीप यादव खेल सकते हैं। यहां सौरभ कुमार का नाम भी उछल रहा है।
बांग्लादेश सीरीज के लिए फिलहाल भारत की टेस्ट टीम ऐसी है लेकिन इसमें बदलाव के पूरे चांस हैं-
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शुबमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (कीपर), KS भरत (कीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल , कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मो. शमी, मो. सिराज, उमेश यादव।












Click it and Unblock the Notifications