बांग्लादेश ने टॉस जीतकर लिया बैटिंग का फैसला, टीम इंडिया में जयदेव उनादकट की वापसी का रिकॉर्ड बना
भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में एक हैरान करने वाला चुनाव किया जहां कुलदीप यादव को बाहर करके जयदेव उनादकट को लिया गया है। ये उनादकट की रिकॉर्ड वापसी है।

IND vs BAN 2nd Test: भारत और बांग्लादेश के बीच आज ढाका के शेरे बंग्ला नेशनल स्टेडियम में टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला हो रहा है जहां पर बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। इस सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है और वे यह मुकाबला जीतकर क्लीन स्वीप करना चाहेंगे क्योंकि वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप की अंक तालिका में टॉप-2 में बने रहने के लिए ये महत्वपूर्ण है।
जयदेव उनादकट की वापसी-
भारतीय टीम इस मुकाबले में एक बदलाव के साथ उतरी है। केएल राहुल ही रोहित की गैरमौजूदगी में कप्तानी कर रहे हैं और भारतीय टीम ने एक बदलाव किया है। जयदेव उनादकट की लंबे समय बाद रिकॉर्ड वापसी हुई है। उन्होंने 118 टेस्ट मैचों के बाद ये वापसी की है जो अपने आप में रिकॉर्ड है। उनसे ज्यादा गैप केवल गैरेथ बैटी ने लिया था जो 2005 के बाद 2016 में जब टेस्ट मैच खेलने वापस आए तब 142 टेस्ट मैचों का अंतर हो चुका था। हालांकि उनादकट अभी भी साल के गैप के हिसाब से बैटी से आगे हैं। उनाकट 12 साल बाद वापसी कर रहे हैं। उन्होंने अंतिम टेस्ट 2010 में खेला था।
सबसे ज्यादा टेस्ट मिस करके वापसी करने का रिकॉर्ड-
142 गैरेथ बैटी (2005-16)
118 जयदेव उनादकट (2010-22)*
114 मार्टिन बिकनेल (1993-03)
109 फ्लॉइड रीफर (1999-09)
104 यूनुस अहमद (1969-87)
103 डेरेक शेकलटन (1951-63)
इससे पहले भारत की ओर से दिनेश कार्तिक ने साल 2010 से 2018 के बीच 87 टेस्ट मैच मिस करने के बाद वापसी की थी।
कुलदीप यादव को बाहर करने का हैरानी भरा फैसला-
केएल राहुल ने कहा कि वे भी टॉस जीतकर पहले बैटिंग करना पसंद करते। हालांकि एक चौंकाने वाला फैसला करते हुए टीम मैनेजमेंट में पिछले मैच में पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले कुलदीप यादव को बाहर कर दिया है। उनको पिछले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच भी दिया गया था।
वहीं बांग्लादेश की टीम दो बदलावों के साथ उतर रही है। यासिर की जगह पर मोमिनुल खेल रहे हैं, इबादत की जगह पर तस्कीन आए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इस प्रकार हैं-
भारत (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल (कप्तान), शुबमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, एक्सर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, जयदेव उनादकट, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज
बांग्लादेश (प्लेइंग इलेवन): नजमुल हुसैन शांतो, जाकिर हसन, मोमिनुल हक, लिटन दास, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन (कप्तान), नुरुल हसन (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, खालिद अहमद, तस्कीन अहमद












Click it and Unblock the Notifications