कुलदीप के 'पंच' में धराशाई होकर 150 पर ढेर हुई बांग्लादेशी पारी, भारत ने नहीं दिया फॉलोऑन
टीम इंडिया ने बांग्लादेश को पहली पारी में 150 पर आउट करके 264 रनों की बढ़त ले ली है। भारत ने फॉलोऑन नहीं देने का फैसला किया। कुलदीप यादव ने 5 विकेट लिए।

भारतीय टीम ने बांग्लादेश को पहली पारी में 150 रनों पर ढेर करके 264 रनों की लीड ले ली है। टीम इंडिया ने फॉलोऑन नहीं देने का फैसला किया है। भारत ने पहली पारी में 404 रन बनाए थे। कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 40 रन देकर 5 और मोहम्मद सिराज ने 20 रन देकर तीन विकेट लिए।
बांग्लादेश पारी की शुरुआत ही खराब रही जब पहली गेंद पर मोहम्मद सिराज ने नजमुल होसैन शंटो को जीरो पर चलता कर दिया। ये ऑफ स्टंप छोड़कर निकली बेहतरीन गेंद थी जिस पर पंत ने कोई गलती नहीं की। फिर उमेश यादव ने चार रनों के निजी स्कोर पर यासिर अली को बोल्ड कर दिया। इसके बाद लिटन दास और जाकिर हसन ने टिकने की कोशिश की और स्कोर को 39 रन पर ले गए पर सिराज ने दास को भी 24 के स्कोर पर बोल्ड करके भारत की तीसरी सफलता दिला दी। तेज गेंदबाजी का कहर जारी रहा और जाकिर हसन भी 20 रन बनाकर सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे पंत द्वारा लपके गए।
इसके बाद कुलदीप यादव का शो स्टार्ट हो गया जिन्होंने किसी बल्लेबाज की नहीं चलने दी। यादव ने पहले कप्तान शाकिब अल हसन को 3 रनों के स्कोर पर कोहली के हाथों कैच करा दिया। नरुल हस का विकेट शॉर्ट लेग पर खड़े शुबमन गिल ने बेहतरीन कैच लेकर किया। इसके बाद कुलदीप ने 28 रन बनाकर खेल रहे मुश्फिकर रहीम को 28 रनों पर पगबाधा कर दिया। अब बांग्लादेश को ढहने की ही देर थी लेकिन वनडे सीरीज के हीरो मेहदी हसन मिराज अभी क्रीज पर थे।
मिराज दूसरे छोर पर विकेटों का गिरना नहीं रोक सके और कुलदीप ने तैजुल इस्लाम को डक पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद इबादत होसैन ने बढ़िया साझेदारी में मिराज का साथ दिया और दिन का समाप्त किया।
लेकिन तीसरे दिन की सुबह फिर कुलदीप के लिए सफलता लेकर आई जिन्होंने इबादत को पंत के हाथों कैच कराकर टेस्ट मैच की एक पारी में अपना 5वां विकेट हासिल कर लिया। फिर पारी का अंतिम विकेट अक्षर पटेल को मिला जिन्होंने आगे बढ़कर रन बनाने की कोशिश कर रहे मेहदी हसन मिराज को 25 रनों के स्कोर पर स्टंप कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications