विराट कोहली नाराज होकर बुमराह से बात करने वाले थे लेकिन मैंने रोक दिया, इशांत शर्मा का खुलासा
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज की तैयारी चल रही है, दोनों टीमों की तरफ से जमकर अभ्यास किया जा रहा है, इशांत शर्मा ने एक घटना का जिक्र किया है।

Virat Kohli was disappointed on Jasprit Bumrah: जसप्रीत बुमराह ने साल 2018 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लाल गेंद के क्रिकेट में डेब्यू करने से पहले बुमराह को सफेद गेंद का विशेषज्ञ गेंदबाज माना जाता था। इसके बाद टेस्ट डेब्यू वाले साल में उन्होंने 48 विकेट झटके और हर किसी को हैरान कर दिया। इतने बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भी एक पारी ऐसी थी जब वह कप्तान विराट कोहली की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए। विराट कोहली भी बुमराह से निराश थे। इसके बाद सीनियर तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने कोहली को सलाह देते हुए कहा कि बुमराह को कुछ समय के लिए अकेला छोड़ दें।

बुमराह पर नाराज थे विराट कोहली
क्रिकबज के एक शो में बातचीत करते हुए इशांत शर्मा ने कहा कि साल 2018 में हम ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच खेल रहे थे और बुमराह का पहला स्पेल अच्छा नहीं गया। विराट कोहली ने कहा कि मुझे जाकर बुमराह से बात करनी चाहिए। तब मैंने विराट कोहली से कहा कि वह एक स्मार्ट गेंदबाज है और वह सब कुछ समझता है। उसको अकेला छोड़ दो, उसको पता है क्या करना है और क्या नहीं करना है। जब आप टेस्ट क्रिकेट में स्थिति को समझ लेते हो तो वापसी बहुत जल्दी कर लेते हो। उस सीरीज में बुमराह ने 21 विकेट अपने नाम किए थे और टीम इंडिया ने सीरीज में जीत हासिल की थी।

बुमराह फ़िलहाल नहीं हैं फिट
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदानों पर होने वाली चार मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी मैं बुमराह नहीं खेल रहे हैं। चोट की वजह से जसप्रीत बुमराह रिकवर नहीं हो पाए हैं और उनको शुरुआती दो टेस्ट मैचों के लिए टीम में भी शामिल नहीं किया गया। कुछ समय पहले उनको नेट पर गेंदबाजी करते हुए देखा गया था लेकिन उसके बाद खबर आई थी कि बुमराह पूरी तरह से फिट नहीं है और खेलने के लिए उनको और समय लगेगा। बुमराह के नहीं होने से भारतीय टीम को झटका लगा है।

शुरुआती दो टेस्ट के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), आर अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा , मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, सूर्यकुमार यादव।












Click it and Unblock the Notifications