उमेश यादव की पिटाई पर वायरल हुआ Kohli का रिएक्शन, पूर्व कैरेबियाई दिग्गज ने भी लिए मजे
नई दिल्ली, 21 सितंबर: मंगलवार का दिन भारतीय क्रिकेट टीम और फैंस के लिए एक बुरे सपने जैसा रहा। मोहाली में 208 रन का बड़ा स्कोर बनाने के बाद भी टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट से मिली हार का मुंह देखना पड़ा। पहला मैच जीतने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त बना ली है। भारत की हार का एक बड़ा कारण कंगारू ओपनर कैमरन ग्रीन रहे। उन्होंने 30 गेंदों पर 61 रन बनाकर ना सिर्फ ऑस्ट्रेलिया को धमाकेदार शुरुआत दिलाई, बल्कि टीम मेजबान टीम को मैच से भी बाहर कर दिया।

उमेश को लगाए लगातार 4 चौके
ऑस्ट्रेलिया की पारी के दूसरे ओवर में कैमरन ग्रीन ने कमबैक कर रहे उमेश यादव की शुरुआती चार गेंदों पर लगातार चार चौके जड़े। ग्रीन ने जब दूसरी गेंद पर चौका लगाया, तो पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का रिएक्शन देखने लायक था। विराट ने बड़ा ही अजीब चहरा बनाकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर किसी ने भी किंग कोहली के मजे लेने का कोई मौका नहीं छोड़ा।

कैरेबियाई दिग्गज ने भी लिए मजे
कोहली का रिएक्शन कैमरे में कैद होने के बाद पूर्व कैरेबियाई दिग्गज इयान बिशप ने भी उनके ऊपर चुटकी लेने का कोई मौका नहीं छोड़ा। बिशप ने ट्वीट कर लिखा, "मैं देख सकता हूं कि विराट कोहली एक मीम बन रहे हैं।" बिशप के अलावा एक फैन ने सोशल मीडिया पर लिखा, गेंदबाजों की पिटाई के बीच कप्तान रोहित शर्मा से नजरें चुराते कोहली।
I can see that Virat Kohli look becoming a meme🤣🤣
— Ian Raphael Bishop (@irbishi) September 20, 2022

बल्ले से रहे फ्लॉप
मैच में पूर्व भारतीय कप्तान से बड़ी पारी की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन उन्होंने सभी को निराश किया। विराट 7 गेंदों में केवल 2 रन बनाकर नाथन एलिस को अपना विकेट दे बैठे। कोहली का कैच मिड-ऑन पर कैमरन ग्रीन ने पकड़ा। नागपुर ने खेले जाने वाले करो या मरो मुकाबले में विराट जरूर बड़ी खेलना चाहेंगे। बता दें कि एशिया कप में वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा (276) रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।

मुकाबले का हाल
मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन का स्कोर बनाया। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (71) टॉप स्कोरर रहे, जबकि ओपनर केएल राहुल ने 55 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस 3 विकेट लेने में सफल रहे। कंगारू टीम ने 209 रन का टारगेट 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जीत में कैमरन ग्रीन (61) के अलावा मैथ्यू वेड ने भी नाबाद 45 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications