मोहाली में KING KOHLI के बल्ले से होगी रिकॉर्ड्स की बारिश, इतिहास रचने के करीब खड़े हैं विराट
स्पोर्ट्स डेस्क, 15 सितंबर: मंगलवार 20 सितंबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। एशिया कप से फॉर्म में वापसी करने वाले पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) से इस सीरीज में दमदार प्रदर्शन की आस लगाई जा रही है। कोहली पहली ही मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। चलिए जानते हैं, उन रिकॉर्ड्स के बारे में..
'Iron Lady' है अनुष्का, कोहली भी 'स्टील' से कम नहीं.. जानिए क्यों शोएब अख्तर ने कही ऐसी बात

इतिहास बनाने का मौका
विराट कोहली टी20 फॉर्मेट में इतिहास रचने के बहुत करीब खड़े हैं। दरअसल, कोहली अगर मोहाली में 98 रन बनाने में सफल रहे, तो टी20 क्रिकेट में 11,000 रन बनाने वाले दुनिया के चौथे और भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी तक वह 349 मैचों में 40.37 की औसत और 133 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 10,902 रन बना चुके हैं। इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड क्रिस गेल (14562) के नाम पर दर्ज है। दूसरे नंबर पर कीरोन पोलार्ड (11829) और तीसरे पर शोएब मलिक (11823) का नाम आता है।

350 मैच करेंगे पूरे
मोहाली टी20, किंग कोहली के करियर का 350वां टी20 मैच होगा। ये उपलब्धि हासिल करने वाले कोहली दुनिया के 26वें और भारत के सिर्फ चौथे खिलाड़ी बनेंगे। फटाफट फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड (610) के नाम पर दर्ज है। वहीं, भारत की ओर से भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (395), दिनेश कार्तिक (363) और महेंद्र सिंह धोनी 361 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं।

8 छक्के लगाने की जरूरत
पूर्व भारतीय कप्तान अगर मोहाली मैच में कंगारू टीम के खिलाफ 8 छक्के लगा देते हैं, तो टी20 क्रिकेट में अपने 350 छक्के पूरे कर लेंगे। ये रिकॉर्ड बनाने वाले विराट दुनिया के 20वें और भारत के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बनेंगे। कोहली से पहले रोहित शर्मा 451 छक्के लगा चुके हैं। एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ किंग कोहली ने अपनी 122 रन की नाबाद पारी में 6 छक्के लगाए थे, ऐसे में फैंस को उनसे इसी मुकाबले में इस रिकॉर्ड की भी बड़ी आस रहेगी।

2400 चौके कर सकते हैं पूरे
33 वर्षीय दाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में कुल 2388 चौके लगाए हैं। विराट अगर मोहाली में 12 चौके लगा देते हैं, तो अपने 2400 चौके पूरे कर लेंगे। ये मुकाम हासिल करने वाले कोहली दुनिया के 10वें और भारत के चौथे खिलाड़ी बनेंगे। इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (4076) के नाम पर दर्ज है। तेंदुलकर के अलावा भारत की ओर से राहुल द्रविड़ (2604) और वीरेंद्र सहवाग 2408 चौके लगा चुके हैं।

मोहाली में किंग का प्रदर्शन
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन, मोहाली के मैदान पर विराट कोहली ने अभी तक केवल दो इंटरनेशनल टी20 मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने लगभग 150 के तूफानी स्ट्राइक रेट से कुल 154 रन बनाए हैं। दोनों पारियों में उनके नाम पर अर्धशतक दर्ज हैं। 2016 में ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ कोहली ने 51 गेंदों पर नाबाद 82 और 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 52 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए थे।












Click it and Unblock the Notifications