IND vs AUS: क्या इस बार बदलेगा इतिहास? विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शर्मनाक!
IND vs AUS, Womens T20 World Cup: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (28 जून) को ग्रुप-ए का सबसे अहम और बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम से होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिहाज से यह मैच करो या मरो का है। भारतीय समयानुसार यह हाई-वोल्टेज मुकाबला शाम 7:00 बजे से शुरू होगा।
क्या है सेमीफाइनल का समीकरण (IND vs AUS, Womens T20 World Cup)
ग्रुप-ए के पॉइंट्स टेबल में इस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम 4 मैचों में 8 अंकों के साथ शीर्ष पर है। वहीं, भारतीय टीम 4 मैचों में 3 जीत और 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है। भारतीय टीम को नॉकआउट में सुरक्षित जगह बनाने के लिए ऑस्ट्रेलिया पर एक बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। यदि भारतीय टीम यह मैच हार जाती है, तो उसे दिन के पहले मुकाबले (साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश) के नतीजे पर निर्भर रहना होगा। अगर साउथ अफ्रीका वहां जीत जाता है, तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।

भारत पर भारी पड़ा है ऑस्ट्रेलिया
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं। इन आंकड़ों में ऑस्ट्रेलियाई टीम का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7 में सिर्फ 2 मुकाबलों में जीत हासिल की है। जबकि ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैच अपने नाम किया है। भारत ने आखिरी बार 2020 के टी20 वर्ल्ड कप के ओपनिंग मैच में ऑस्ट्रेलिया को 17 रनों से हराया था। इसके बाद से खेले गए दोनों मुकाबलों (2020 फाइनल, 2023 सेमीफाइनल और 2024 ग्रुप स्टेज) में भारत को शिकस्त झेलनी पड़ी है। अक्टूबर 2024 में शारजाह में हुए पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 रनों से मात दी थी।
भारत के टॉप परफॉर्मर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारतीय खिलाड़ियों के व्यक्तिगत रिकॉर्ड की बात करें तो कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा 197 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर स्मृति मंधाना (83 रन, साल 2018) के नाम है। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और पूनम यादव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक 7-7 विकेट चटकाए हैं। पूनम यादव का 19 रन देकर 4 विकेट (सिडनी, 2020) सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी विश्लेषण है।















Click it and Unblock the Notifications