'अब रिटायर हो जाओ विराट', लगातार दो जीरो पर OUT होने के बाद कोहली पर उठे सवाल! फैंस हुए मायूस
IND vs AUS, Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में खराब प्रदर्शन जारी है। गुरुवार, 23 अक्टूबर को एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे वनडे में कोहली केवल 4 गेंदों का सामना करने के बाद शून्य (डक) पर आउट हो गए। उनके इस लगातार दूसरे खराब प्रदर्शन ने फैंस को निराश कर दिया है और सोशल मीडिया पर उनकी संन्यास की मांग उठने लगी है।
विराट कोहली शून्य पर लौटे पवेलियन (IND vs AUS, Virat Kohli)
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने कोहली को एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। बार्टलेट की गेंद अंदर की तरफ आई, जिसने कोहली को बीट किया और सीधे उनके फ्रंट पैड पर लगी। फैंस की निराशा तब और बढ़ गई जब कोहली ने डीआरएस रिव्यू लेने की भी जहमत नहीं उठाई और सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर चल दिए।

एडिलेड में कोहली का रहा था शानदार प्रदर्शन
यह पहला मौका है जब कोहली को वनडे क्रिकेट में लगातार दो पारियों में शून्य पर आउट होना पड़ा है। पहले वनडे में भी वह डक पर आउट हुए थे। एडिलेड ओवल कोहली के लिए एक पसंदीदा मैदान रहा है, जहाँ उन्होंने टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों में यादगार शतक जड़े हैं। उनके पिछले दो वनडे मैचों में कोहली ने यहां दो शतक लगाए थे। साल 2015 में पाकिस्तान के खिलाफ 107 रन और 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 104 रन कोहली ने यहां बनाए थे।
फैंस कर रहे हैं संन्यास की मांग
गुरुवार को बनाया गया शून्य कोहली के वनडे करियर का 18वां डक है। भारत के लिए 50 ओवर के प्रारूप में अब केवल सचिन तेंदुलकर और जवागल श्रीनाथ ने ही उनसे अधिक डक बनाए हैं। कोहली के इस फ्लॉप शो के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और मांग की है कि उन्हें सम्मान के साथ संन्यास ले लेना चाहिए। कोहली के आउट होने से भारतीय टीम संकट में आ गई है। कप्तान शुभमन गिल भी सस्ते में आउट हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications