IND vs AUS: मेलबर्न में भारत पर हार की मार, क्या WTC फाइनल से हो गई है टीम इंडिया बाहर?
IND vs AUS: मेलबर्न टेस्ट के अंतिम दिन के आखिरी सेशन में भारतीय टीम का सपना टूट गया। ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 184 रनों के अंतर से मैच हरा दिया। अब भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल से लगभग बाहर माना जा सकता है। हालांकि संभावना समाप्त नहीं हुई है।
अंतिम दिन के लास्ट सेशन में भारतीय बैटिंग बिखर गई। टीम इंडिया ने इस सेशन के दो घंटों से कम समय में अपने 7 विकेट गंवा दिए और मैच हार गई। टीम इंडिया 340 रनों का लक्ष्य मिला था। इसे हासिल करने में नाकाम रही भारतीय टीम 155 रनों के मामूली स्कोर पर आउट हो गई।

अंतिम दिन ऑस्ट्रेलिया का आखिरी विकेट गिरते ही भारत को 340 का लक्ष्य मिला और फिर वही कहानी शुरू हुई, जो अब तक इस सीरीज में होती आई है। भारतीय टीम ने एक के बाद एक विकेट गंवाए और कंगारुओं के हौसले बुलंद होते चले गए।
दिग्गज कहे जाने वाले रोहित शर्मा और कोहली के बल्लों को आज फिर से सांप सूँघ गया। रोहित ने 9, केएल राहुल ने 0 और विराट कोहली ने 5 रन बनाकर टीम को संकट में डाल दिया। इस समय युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल क्रीज पर थे और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।
टीम इंडिया ने जब अपने 3 विकेट 33 रन के कुल स्कोर पर गंवा दिए थे, उस समय ऋषभ पंत और जायसवाल ने मोर्चा संभाला और दूसरा सेशन खेल गए। अब मैच ड्रॉ की तरफ जा रहा था। अंतिम सेशन में आते ही पासा पलट गया और पंत ट्रेविस हेड की गेंद पर 30 के स्कोर पर चलते बने।
उधर जायसवाल फिफ्टी के बाद एक बार फिर से शतक के करीब आ गए लेकिन कमिंस की गेंद पर थर्ड अम्पायर के खराब फैसले का शिकार बन गए। उनको स्निको मीटर के आधार पर आउट नहीं देकर सिर्फ विजुअल देखकर आउट दिया गया। जायसवाल 84 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद टीम इंडिया 155 पर सिमट गई। वॉशिंगटन सुंदर 5 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में कमिंस और बोलैंड ने 3-3 विकेट झटके। कंगारू अब सीरीज में 2-1 से आगे है। एक मैच सीरीज में बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications