IND vs AUS: अहमदाबाद टेस्ट मैच हुआ ड्रॉ, भारत ने सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया
चौथे टेस्ट के अंतिम दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बैटिंग की. मुकाबला ड्रॉ होने के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज अपने नाम कर ली।

IND vs AUS 4th Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा मुकाबला ड्रॉ समाप्त हो गया। अहमदाबाद में खेला गया यह मैच पूरे पांच दिनों तक चला। अंतिम दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 1 विकेट पर 175 रनों का स्कोर हासिल किया। अंतिम घंटे से पहले दोनों कप्तानों की सहमति से मुकाबला ड्रॉ माना गया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। भारतीय टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भी जगह हासिल कर ली।
ट्रेविस हेड शतक से चूक गए
अंतिम दिन ऑस्ट्रेलिया ने कुहनेमन का विकेट सबसे पहले गंवाया। वह 6 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद ट्रेविस हेड और लाबुशेन ने पारी आगे बढ़ाई। दोनों ने मिलकर शतकीय भागीदारी की। हेड शतक के करीब जाकर आउट हो गए। उनको 90 रनों के कुल स्कोर पर अक्षर पटेल ने बोल्ड कर दिया। लाबुशेन ने फिफ्टी जमाई और 63 रन बनाकर नाबाद रहे। स्मिथ 10 रन पर नाबाद लौटे। इस तरह यह मैच ड्रॉ हो गया, जिसकी आशंका पहले से ही थी।
दोनों टीमों की ओर से लगे 4 शतक
पहली पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 480 रनों का स्कोर खड़ा किया था। उस्मान ख्वाजा ने सबसे ज्यादा 180 रनों की पारी खेली थी। उनके कैमरन ग्रीन ने भी ऑस्ट्रेलिया के लिए शतकीय पारी खेली थी। टीम इंडिया के लिए अश्विन ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट झटके। जवाब में खेलते हुए भारत ने पहली पारी में 571 रनों का स्कोर खड़ा किया। कोहली ने 186 और गिल ने 128 रनों की पारियां खेली। अक्षर पटेल ने 79 रन बनाये। दोनों टीमों की तरफ से इस मैच में कुल 4 शतक लगे।
भारतीय टीम WTC फाइनल में पहुंची
भारतीय टीम अब वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुँच गई है। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हरा दिया और टीम इंडिया फाइनल में चली गई। ऑस्ट्रेलिया की टीम भी फाइनल में है। दोनों टीमों के बीच मुकाबले में विजेता बनने वाली टीम चैम्पियन होगी। पिछले एडिशन में भी टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications