IND vs AUS: गाबा में आपकी रेटिंग कहां गई थी? ICC पर भड़कते हुए सुनील गावस्कर ने दिखाया आइना
इंदौर टेस्ट मैच की पिच को खराब रेटिंग देने के बाद सुनील गावस्कर का गुस्सा फूट गया, उन्होंने आईसीसी को आइना दिखा दिया।

IND vs AUS 3rd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच की पिच को लेकर आईसीसी ने बड़ा निर्णय सुना दिया। सात सेशन में ही मुकाबला समाप्त हो गया और ऑस्ट्रेलिया ने इसमें जीत दर्ज करते हुए सीरीज में टीम इंडिया की बढ़त कम कर दी। भारत अब 2-1 से सीरीज में आगे हैं। मुकाबले के बाद आईसीसी ने पिच को खराब रेटिंग देते हुए होल्कर स्टेडियम को तीन डीमेरिट पॉइंट्स भी दिए। इसके बाद पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने बयान दिया है। गावस्कर आईसीसी के इस फैसले से खुश नहीं हैं।
भड़क गए सुनील गावस्कर
इंडिया टुडे को इंटरव्यू देते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि एक बात मैं जानना चाहता हूं कि नवम्बर में ब्रिस्बेन के गाबा में टेस्ट मैच था, जो दो दिनों में समाप्त हो गया। वहां कितने डीमेरिट पॉइंट दिए गए थे और मैच रेफरी कौन था? इंदौर पिच को तीन डीमेरिट पॉइंट्स देने के फैसले को गावस्कर ने ज्यादा कठोर बताया। गावस्कर ने कहा कि गेंद टर्न कर रही थी लेकिन पिच खतरनाक नहीं थी। जब ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट पर 77 रन बनाए हैं, तो यह दर्शाता है कि पिच ज्यादा बेहतर हुई है।
गाबा टेस्ट की पिच काफी खतरनाक थी
गौरतलब है कि ब्रिस्बेन के गाबा में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए टेस्ट मैच को आईसीसी ने औसत से निचले दर्जे की रेटिंग दी थी। इसके अलावा वेन्यू को एक डीमेरिट पॉइंट दिया गया था। यह मुकाबला महज दो दिनों में समाप्त हो गया था और विकेट पर काफी उछाल देखने को मिला था। बल्लेबाजों को पता नहीं चल रहा था कि गेंद पड़ने के बाद कहां जा रही है। गाबा की पिच को देखते हुए इंदौर की पिच में ऐसा कुछ नहीं दिखा।
इंदौर की पिच पर मैच रेफरी की टिप्पणी
इंदौर टेस्ट मैच की पिच को लेकर मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने कहा कि पिच सूखी थी और इसमें गेंद और बल्ले के बीच संतुलन नहीं था। पहले दिन से ही इस पिच में स्पिनरों के लिए मदद देखने को मिली। पांचवीं गेंद से पिच का थोड़ा हिस्सा टूटा और बाद में कई मौकों पर ऐसा होता रहा। तेज गेंदबाजों के लिए भी इसमें कुछ नहीं था। उछाल भी सीमित देखने को मिला। गौरतलब है कि इंदौर टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 विकेट से हरा दिया।












Click it and Unblock the Notifications