IND vs AUS 2nd ODI: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर किया गेंदबाजी का फैसला, टीम इंडिया में दो बदलाव
तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत सीरीज में 1-0 से आगे है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे विशाखापट्टनम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। अगर भारत आज का मैच जीत जाता है तो सीरीज भी अपने नाम कर लेगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की नजर वापसी पर टिकी हैं और इसीलिए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। ग्लेन मैक्सवेल और जोश इंग्लिश को अंतिम एकादश से बाहर किया गया है। उनकी जगह एलेक्स कैरी और नाथन एलिस टीम में आए हैं। वहीं टीम इंडिया में भी दो बदलाव हैं। रोहित शर्मा ने कप्तानी संभाल ली है। उनकी जगह ईशान किशन को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया गया है। इसके अलावा शार्दुल ठाकुर को भी प्लेइंग इलेवन से बाहर कर अक्षर पटेल को टीम में लाया गया है।
यह है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव
ऑस्ट्रेलिया: ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, मार्कस स्टोइनिस, सीन एबट, नाथन एलिस, मिचेल स्टार्क और एडम जैंपा
सीरीज में 1-0 की बढ़त
आपको बता दें कि तीन मैचों की सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त बनाई हुई है। मुंबई में खेले गए पहले वनडे में भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। आज अगर भारत ने मैच जीत लिया तो सीरीज भी भारत के नाम हो जाएगी। भारत के जीतने की संभावनाएं भी ज्यादा हैं, क्योंकि विशाखापट्टनम के आंकड़े भी भारत के पक्ष में हैं। यहां भारतीय टीम पिछले 10 साल से वनडे मैच नहीं हारी है। इतना ही नहीं, इस मैदान पर विराट कोहली और रोहित शर्मा खूब रन बनाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications