IND vs AUS: हाईस्कोरिंग मैच की उम्मीद लगाकर बैठे फैंस को लगा झटका, ऑस्ट्रेलिया 188 रन पर ऑलआउट
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले वनडे में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को 188 रन पर ऑलआउट कर दिया है। भारत को जीत के लिए 189 रन का लक्ष्य मिला है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 188 रन पर ऑलआउट कर दिया है। क्रिकेट के तमाम एक्सपर्ट ने मैच शुरू होने से पहले यह अनुमान लगाया था कि यह एक हाईस्कोरिंग मैच होगा और ऑस्ट्रेलिया 300 से उपर ही रन बनाएगी, लेकिन भारत की तरफ से कमाल की गेंदबाजी और कमाल की फील्डिंग की बदौलत वो सभी भविष्यवाणियां या अनुमान धराशाई हो गए। शमी, सिराज और रवींद्र जडेजा ने घातक गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस करके रख दिया। शमी और सिराज को 3-3 विकेट मिले, जबकि जडेजा के खाते में 2 विकेट आए। कुलदीप और हार्दिक पांड्या को भी 1-1 विकेट मिला है।
मार्श का विकेट गिरने के बाद लगातार गिरे विकेट
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए आई ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 5 के स्कोर पर ही ट्रेविस हेड के रूप में कंगारूओं को पहला झटका लग गया था। हालांकि इसके बाद स्टीव स्मिथ और मिचेल मार्श के बीच एक अर्द्धशतकीय साझेदारी जरूर हुई, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और स्टीव स्मिथ 22 रन बनाकर आउट हो गए। स्मिथ के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम दबाव में जरूर आई थी, लेकिन दूसरे छोर से बल्लेबाजी कर रहे मिचेल मार्श विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। स्मिथ का विकेट गिरने के बाद मार्श ने लाबुशेन के साथ भी अर्द्धशतकीय साझेदारी की थी, लेकिन 129 के स्कोर पर मिचेल मार्श आउट हो गए और यहीं से ऑस्ट्रेलियाई पारी का पतन होना शुरू हो गया। मार्श के विकेट के बाद एक-एककर ऑस्ट्रेलिया के विकेट गिरते गए। मार्श ने 65 गेंदों में 10 चौके और 5 छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications