Isa Guha: बुमराह को 'प्राइमेट'बताने वाली ईसा गुहा करती हैं मां काली की पूजा, मां-बाप का है बंगाल से रिश्ता
Isa Guha Jasprit Bumrah Primate Hindi: इस वक्त सोशल मीडिया पर अंग्रेजी महिला कमेंटेटर ईसा गुहा छाई हुई हैं, भारतीय फैंस उनसे बहुत ज्यादा नाराज हैं, वजह है उनका विवादित कमेंट, जो कि उन्होंने भारत के स्टार प्लेयर जसप्रीत बुमराह के लिए किया था।
जिसके बाद तो सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट जगत में हंगामा मच गया और लोग ईसा गुहा को बहुत बुरी तरह से ट्रोल करने लगे, हंगामा बढ़ने पर ईसा ने माफी भी मांगी लेकिन भारतीय फैंस का गुस्सा उनके प्रति कम नहीं हुआ।

आपको बता दें कि इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट ब्रिसबेन के गाबा मैदान में खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन कमेंट्री करते वक्त ईसा ने जसप्रीत बुमराह के लिए 'प्राइमेट' शब्द इस्तेमाल किया था, हालांकि वो उनकी तारीफ करना चाहती थीं लेकिन उन्होंने तारीफ के लिए गलत शब्द का चुनाव कर लिया जो कि उन पर भारी पड़ गया।
प्राइमेट्स ग्रुप में लीमर्स, लोरिस, टार्सियर्स, बंदर आते हैं
दरअसल प्राइमेट्स एक Classification Order है जिसमें जानवरों के कई ग्रुप जैसे कि लीमर्स, लोरिस, टार्सियर्स, बंदर, एप्स और मनुष्य शामिल हैं । जैसे ही ईसा ने इस शब्द का इस्तेमाल किया, वैसे ही लोगों ने सोशल मीडिया पर ये कहकर उन्हें घेर लिया कि उन्होंने बुमराह को 'नरवानर' या 'कीमती बंदर ' कहा है।
'मैं तो जसप्रीत के बॉलिंग की तारीफ कर रही थी'
हालांकि ईसा ने लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि 'मैं तो जसप्रीत के बॉलिंग की तारीफ कर रही थी, मेरा इरादा किसी का अपमान करना या मजाक बनाना नहीं था। मैं खुद एशियाई मूल की हूं इसलिए इस बात को पूरी तरह से समझती हूं प्लीज मुझे माफ कर दें।' लेकिन लोग उन्हें माफ करने के मूड में फिलहाल तो नहीं दिख रहे हैं।
आवाज की जादूगरनी ईसा गुहा खुद पूर्व क्रिकेटर रही हैं
आपको बता दें कि देखने में काफी ग्लैमरस और आवाज की जादूगरनी ईसा गुहा खुद पूर्व क्रिकेटर रही हैं और उन्होंने इंग्लैंड के लिए 100 से भी अधिक इंटरनेशनल मैच खेले हैं। वो क़ॉलम राईटर भी हैं और साल 2012 से वो कमेंट्री के पेशे से जुड़ी हुई हैं।
ईसा के मम्मी-पापा पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं
आपको जानकर हैरत होगी कि 21 मई 1985 को इंग्लैंड के हाई वायकोम्ब में जन्म लेने वाली ईसा की जड़ें भारत से जुड़ी हुई हैं। दरअसल उनके मम्मी-पापा पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम बरून गुहा और मम्मी का नाम रोमा देब है, जो कि कोलकाता के निवासी थे, लेकिन 1970 में वो दोनों भारत छोड़कर ब्रिटेन में बस गए।
17 साल की उम्र में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू किया
ईसा का झुकाव बचपन से ही खेल की ओर था, उन्होंने कम उम्र में ही क्रिकेट खेलना शुरू किया और जल्द ही अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान आकर्षित किया। ईसा गुहा ने 2002 में केवल 17 साल की उम्र में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू किया था, वह मुख्य रूप से एक तेज गेंदबाज थीं और स्विंग के लिए जानी जाती थीं।
ईसा ने अंतरराष्ट्रीय करियर में 113 विकेट लिए हैं
वो 2009 के महिला विश्व कप और महिला वर्ल्ड टी20 जीतने वाली टीम का हिस्सा थीं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर में 113 विकेट लिए हैं, साल 2012 में उन्होंने क्रिकेट से संन्यास ले लिया।
मां काली की पूजा करती हैं ईसा, अंग्रेज से की हैं शादी
आपको बता दें कि मां काली की पूजा करने वाली ईसा ने 2018 में अपने लॉंगटाइम बॉयफ्रेंड रिचर्ड थॉमस से शादी की थी, जो एक संगीतकार और संगीत प्रोड्यूसर हैं। दोनों की मुलाकात दोस्तों के माध्यम से हुई थी और जल्द ही उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई।
ईसा गुहा की नेटवर्थ करीब 12.6 करोड़ रुपये
खास बात ये है कि रिचर्ड तो अंग्रेज हैं लेकिन उन्होंने उनसे हिंदू रिवाज से शादी की थी। सोशल मीडिया पर अक्सर दोनों एक-दूसरे के साथ खूबसूरत पलों की तस्वीरें साझा करते हैं, जो उनकी मजबूत बॉन्डिंग को दिखाती हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईसा गुहा की नेटवर्थ करीब 12.6 करोड़ रुपये है।












Click it and Unblock the Notifications