IND-A vs USA: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का पहला वॉर्म-अप मैच आज, थोड़ी देर में होगा शुरू, ऐसे देखें LIVE
IND-A vs USA T20 World Cup Warm-up Match: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच शुरू होने में अब कुछ ही दिनों का समय रह गया है। टूर्नामेंट की आधिकारिक शुरुआत से पहले आज नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में एक अहम वॉर्म-अप मुकाबला खेला जाएगा। इंडिया 'ए' की टीम मेजबान भारत के खिलाफ शनिवार को होने वाले ओपनिंग मैच की तैयारी कर रही संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) की टीम से भिड़ेगी।
तिलक वर्मा पर रहेगी फैंस की नजरें (IND-A vs USA T20 World Cup Warm-up Match)
हाल ही में पेट की सर्जरी के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर रहने वाले तिलक वर्मा अब पूरी तरह फिट हैं। चयनकर्ताओं ने उन्हें मुख्य वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल करने से पहले इस वॉर्म-अप मैच के जरिए उनकी फिटनेस परखने का फैसला किया है। इस मैच के बाद तिलक सीनियर टीम के साथ जुड़ जाएंगे। टीम की कप्तानी दिल्ली के प्रतिभाशाली ऑलराउंडर आयुष बडोनी कर रहे हैं, जिनके पास आईपीएल के कई धुरंधर खिलाड़ियों की फौज है।

अमेरिका को वॉर्म-अप मैच में मिलेगी कड़ी टक्कर
अमेरिका के लिए यह मैच वॉर्म-अप से कहीं बढ़कर है। शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ होने वाले टूर्नामेंट के पहले मैच से पहले उन्हें इंडिया 'ए' के रूप में एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी मिला है। मोनांक पटेल की कप्तानी वाली अमेरिकी टीम में सौरभ नेत्रवलकर और अली खान जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं, जो भारतीय बल्लेबाजी क्रम को कड़ी चुनौती दे सकते हैं।
ऐसे देख सकेंगे लाइव
2 फरवरी यानी सोमवार को भारतीय समयानुसार शाम 05:00 बजे मुकाबले की शुरुआत होगी। फैंस इस मुकाबले का आनंद टेलीविजन पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports) पर ले सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो-हॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
दोनों टीमों की संभावित स्क्वॉड
इंडिया 'ए': आयुष बडोनी (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियांश आर्य, एन जगदीसन, रियान पराग, मानव सुथार, अशोक शर्मा, उर्विल पटेल, गुरजपनीत सिंह, विपराज निगम, रवि बिश्नोई, खलील अहमद, मयंक यादव।
USA: मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, एंड्रीज गूस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शयन जहांगीर, हरमीत सिंह, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान, शुभम रंजने।












Click it and Unblock the Notifications