टीम इंडिया की स्टार गेंदबाज रेणुका सिंह बनी साल 2022 की ICC बेस्ट इमर्जिंग प्लेयर, इन खिलाड़ियों को दी मात
आईसीसी ने रेणुका सिंह को साल 2022 के लिए बेस्ट इमर्जिंग प्लेयर चुना है। रेणुका सिंह ने भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पिछले साल किया था।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार गेंदबाज रेणुका सिहं को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानि कि आईसीसी की ओर से एक बड़ा सम्मान मिला है। दरअसल, आईसीसी ने रेणुका सिंह को साल 2022 के लिए बेस्ट इमर्जिंग प्लेयर चुना है। हिमाचल प्रदेश की रहने वाली रेणुका सिंह ने आईसीसी के इस सम्मान को जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया की डार्सी ब्राउन, इंग्लैंड की एलिस कैपसी और उनकी हमवतन यास्तिका भाटिया को हराया है।

पिछले साल हुआ था रेणुका सिंह का डेब्यू
आपको बता दें कि रेणुका सिंह ने पिछले साल ही न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्होंने अभी तक अपने करियर में 7 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 4.62 की इकॉनमी रेट से 18 विकेट अपने नाम किए हैं। वनडे फॉर्मेट में उनके नाम 28 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट परफॉर्मेंस है। वनडे के अलावा रेणुका सिंह 25 टी20 मुकाबले भी खेल चुकी हैं, जिसमें 6.48 की इकॉनमी रेट से 23 विकेट लिए हैं। रेणुका सिंह ने अपने टी20 करियर की शुरुआत 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ की थी। अपने टी20 डेब्यू में उन्होंने सिर्फ एक विकेट साल 2022 उनके टी20 करियर का शानदार रहा था।

कॉमनवेल्थ गेम्स और एशिया कप में रेणुका ने किया था गजब प्रदर्शन
आपको बता दें कि रेणुका सिंह के अभी तक के करियर का बेस्ट परफॉर्मेंस (4/28) पिछले साल कॉमनवेल्थ गेम्स में आया था। मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस करते हुए 4 विकेट लिए थे। रेणुका सिंह ने एलिसा हीली, मेग लैनिंग, बेथ मूनी और ताहलिया मैकग्राथ को आउट किया था। कॉमनवेल्थ गेम्स के अलावा एशिया कप में भी रेणुका सिंह ने शानदार गेंदबाजी की थी। इन दोनों ही टूर्नामेंट में मिलाकर रेणुका सिंह ने 11 मैचों में 5.21 की इकोनॉमी से 17 विकेट अपने नाम किए थे।

एशिया कप 2022 फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनी थी रेणुका
रेणुका सिंह पिछले एक साल के अंदर भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार गेंदबाज बनी हैं। उन्होंने पिछले साल सिलहट में खेले गए महिला एशिया कप फाइनल में भी प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया था। फाइनल में रेणुका सिंह ने 3 विकेट झटके थे और भारत यह फाइनल जीतकर एशिया कप का चैंपियन बना था।












Click it and Unblock the Notifications