T20 रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास, तिलक वर्मा की बड़ी छलांग ने दिग्गजों को पछाड़ा
ICC T20 Rankings: आईसीसी द्वारा जारी ताजा टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिल रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का इनाम युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को मिला है, जिन्होंने रैंकिंग में लंबी छलांग लगाते हुए टॉप-5 में जगह बना ली है।
वहीं, फिरकी गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बने हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में तिलक वर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा। उन्होंने कटक में 26, चंडीगढ़ में 62 और धर्मशाला में नाबाद 26 रनों की पारी खेली।

इस निरंतरता का परिणाम यह रहा कि वह दो पायदान ऊपर चढ़कर अब चौथे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के जोस बटलर और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ दिया है। तिलक वर्मा जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं।
ICC T20 Rankings में वरुण का दबदबा
भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपनी जादुई गेंदबाजी से दुनिया भर के बल्लेबाजों को परेशान कर रखा है। ताजा रैंकिंग में उन्होंने 36 रेटिंग पॉइंट जोड़कर 818 पॉइंट्स हासिल कर लिए हैं, जो उनके करियर की अब तक की सबसे बेहतरीन रेटिंग है। पिछले दो मैचों में 4 विकेट चटकाने वाले चक्रवर्ती ने नंबर-1 पोजीशन पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। वह भारत के लिए सर्वाधिक टी20 रेटिंग पॉइंट्स वाले खिलाड़ी बनकर इतिहास रचने में कामयाब रहे हैं।
भले ही सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनके दिग्गज बल्लेबाजों ने व्यक्तिगत रैंकिंग में सुधार किया है। कप्तान एडन मार्करम 8 पायदान चढ़कर 29वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि क्विंटन डी कॉक ने 14 स्थानों की छलांग लगाकर 53वां स्थान हासिल किया है।
ICC T20 Rankings: अर्शदीप को फायदा
गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मात्र 13 रन देकर 2 विकेट चटकाने वाले अपने 'मैच जिताऊ' प्रदर्शन के दम पर रैंकिंग में 4 पायदान की छलांग लगाई है और अब वह 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को यानसेन को भी अपने घातक प्रदर्शन का जबरदस्त फायदा मिला है. उन्होंने 14 स्थानों की लंबी छलांग लगाते हुए दुनिया के टॉप-25 गेंदबाजों में जगह बना ली है।












Click it and Unblock the Notifications