ICC ODI Rankings: विराट कोहली ने ICC वनडे रैंकिंग में लगाई बड़ी छलांग, रोहित शर्मा को भी जबरदस्त फायदा
विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ने ही श्रीलंका के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में धाकड़ बैटिंग की थी।

ICC ODI Rankings: श्रीलंका के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए पहले एकदिवसीय मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय खिलाड़ियों की आईसीसी रैंकिंग में भी सुधार देखा गया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों को ताजा वनडे रैंकिंग में फायदा हुआ है। गुवाहाटी एकदिवसीय मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 67 रनों से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई है। दोनों टीमों के बीच अगला मैच कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जाएगा।

विराट कोहली को दो स्थानों का फायदा
विराट कोहली ने गुवाहाटी एकदिवसीय मुकाबले में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों में शतक जमाया था। वनडे क्रिकेट में यह उनका 45वां सैकड़ा था। इसे देखते हुए माना जा रहा था कि उनकी आईसीसी रैंकिंग में सुधार होगा और कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। कोहली को दो स्थानों का फायदा हुआ है और अब वह आठवें से छठे नम्बर पर आ गए हैं। कोहली के 726 रैंकिंग पॉइंट्स हैं। नम्बर एक पर अब भी पाकिस्तान के बाबर आज़म बने हुए हैं। बाबर के पास 891 अंक हैं।

रोहित शर्मा को भी मिला है लाभ
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के कारण रैंकिंग में ऊपर आ गए हैं। रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में 67 गेंदों का सामना करते हुए 83 रनों की पारी खेली। रोहित शर्मा की आईसीसी रैंकिंग में इन रनों का फायदा देखा जा सकता है। वह एक पायदान ऊपर आ गए हैं और अब रैंकिंग में 715 अंकों के साथ उनका आठवां स्थान है। आने वाले समय में बेहतर बैटिंग करने पर वह और भी ऊपर जा सकते हैं।

टी20 में सूर्यकुमार यादव टॉप पर
टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव टॉप पर बने हुए हैं। सबसे छोटे प्रारूप की आईसीसी रैंकिंग में सूर्यकुमार यादव ने 908 अंकों के साथ पहला स्थान बनाया है। सूर्या ने श्रीलंका के खिलाफ अंतिम टी20 मुकाबले में शतकीय पारी खेली थी। सूर्यकुमार यादव ने नाबाद शतक जदा था जो उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा सैकड़ा था। उनसे पीछे पाकिस्तान के मोहम्मद रिज़वान हैं जो रैंकिंग पॉइंट्स में उनसे काफी पीछे हैं। रिज़वान के आईसीसी टी20 रैंकिंग में 836 पॉइंट्स हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव के आस-पास कोई अन्य क्रिकेटर नज़र नहीं आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications