IPL हुआ और भी बड़ा, आईसीसी ने उठाया ऐसा कदम, बाकी टी20 लीग को होगी जलन
नई दिल्ली, 16 जुलाई: आईपीएल का जलवा कुछ ऐसे बरकरार है कि आईसीसी को भी इसके सामने झुकना पड़ा है। हाल में ही आईपीएल के मीडिया अधिकारों की बिक्री पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी थी। रिकॉर्ड रकम में बिके अधिकारों के बाद आईपीएल दुनिया की दूसरी सबसे अमीर खेल लीग बन गई और इसने इंग्लिश प्रीमियर लीग को भी पछाड़ दिया। आईपीएल का बढ़ता रुतबा देखकर बीसीसीआई पहले से ही इसको विस्तारित रूप देने की योजना पर लगा हुआ है।

IPL हुआ और भी बड़ा
सीजन 2022 से पहले दो नई टीमों के आने के बाद यह 10 टीम की प्रतियोगिता हो चुकी है और आगे भी ये विस्तार होने की संभावना है। जाहिर है इसके लिए मैचों की संख्या भी बढ़ानी पड़ेगी और विदेशी क्रिकेट बोर्डों को इसके हिसाब से ही अपने प्रोग्राम को बनाना होगा। क्योंकि दुनिया भर के क्रिकेटर आईपीएल का हिस्सा बनने के लिए अपने देश से खेलना छोड़ने को भी बेकरार रहते हैं इसलिए आईसीसी की भी बड़ी जिम्मेदारी बनती है कि वह खेल के साथ खिलाड़ी के हितों का भी ध्यान रखते हुए आईपीएल पर प्लानिंग बनाए।

फ्लूचर टूर प्रोग्राम यानी एफटीपी
ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी ने ताजा फ्यूचर टूर प्रोग्राम में आईपीएल को ढाई महीने की विस्तारित विंडो दे दी है।
फ्लूचर टूर प्रोग्राम यानी एफटीपी वह होता है जिसमें आईसीसी के फुल मेंबर के एक समय चक्र के दौरान होने वाले मैचों का जिक्र होता है। इस बार 12 फुल मेंबर का 2023-27 तक की साइकिल का एफटीपी आया है जिसमें दो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप साइकिल, एक आईसीसी इवेंट और कई द्विपक्षीय सीरीज शामिल है।

आईपीएल को एफटीपी में ज्यादा जगह मिलने का मतलब
आईपीएल को एफटीपी में ज्यादा जगह मिलने का मतलब है कि इस प्रतियोगिता के दौरान काफी कम इंटरनेशनल गेम्स होंगे। बीसीसीआई इस बारे में पहले ही काफी कोशिश कर रहा था और यह रंग लाई है। इसका मतलब होगा कि आप एक दर्शक के तौर पर ज्यादा से ज्यादा विदेशी सितारों को लंबे समय तक प्रतियोगिता में खेलते हुए देख सकेंगे।
2023 और 2024 सीजन में 74 मैच खेले जाएंगे। 2025 और 2026 सीजन में 84 गेम खेले जाने की उम्मीद है और 2027 सीजन में अधिकतम 94 मैच खेले जाने की उम्मीद है।

बाकी टी20 लीग को होगी जलन
आईपीएल जैसी ही लीगें ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में भी खेली जाती हैं जो क्रमशः बिग बैश लीग और द हंड्रेड के नाम हैं लेकिन यहां पर इंडियन प्रीमियर लीग की तुलना में छोटी विंडो देखने को मिलेगी।
इंग्लैंड में जुलाई और अगस्त में तीन सप्ताह की अवधि को क्लियर किया जाएगा ताकि द हंड्रेड भी बड़े सितारों के साथ खेली जा सके।

हर बोर्ड ने अपनी लीग के लिए विंडो निकाली है
इसी तरह, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने खिलाड़ियों को बीबीएल में भाग लेने की अनुमति देने के लिए जनवरी में सफेद गेंद वाले अंतरराष्ट्रीय खेलों से दूर रखा है।
ऐसी ही वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने सीपीएल और बांग्लादेशी क्रिकेट बोर्ड ने बीपीएल के लिए किया है। दक्षिण अफ्रीका भी अपनी नई टी20 फ्रेंचाइजी लीग लेकर आ रहा है। यूएई में भी टी20 लीग आ रही है। पाकिस्तान बोर्ड ने पहले ही पीएसएल के लिए विंडो छोड़ रखी है जो फरवरी-मार्च (2023), जनवरी-फरवरी (2024) और दिसंबर-जनवरी (2026-27) में खेली जाने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications