PoK नहीं जाएगी चैम्पियंस ट्रॉफी! टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तान को लगा तगड़ा झटका, ICC ने मानी भारत की बात
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 एक बार फिर विवादों में घिर गई है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने स्कार्दू, मुरी और मुजफ्फराबाद में चैंपियंस ट्रॉफी के नियोजित ट्रॉफी दौरे को रद्द कर दिया है, ये क्षेत्र पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आते हैं।
यह निर्णय पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा इन शहरों को दौरे के कार्यक्रम में शामिल करने की घोषणा के तुरंत बाद आया, जिस पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने तत्काल आपत्ति जताई थी।

उल्लेखनीय है कि PCB ने 16 से 24 नवंबर तक चैंपियंस ट्रॉफी के राष्ट्रव्यापी ट्रॉफी दौरे की घोषणा की थी। आठ टीमों का यह टूर्नामेंट फरवरी-मार्च 2025 में पाकिस्तान में आयोजित किया जाना है और क्रिकेट के इस महाकुंभ की तैयारी के लिए PCB ने ट्रॉफी दौरे का आयोजन किया था।
विवादित भूमि पर आने वाले शहरों के दौरे को किया रद्द
हालांकि, इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पता चला है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) की विवादित भूमि के अंतर्गत आने वाले शहरों में ट्रॉफी दौरे को रद्द कर दिया गया है। दूसरी ओर भारत ने इस क्रिकेट इवेंट के लिए पाकिस्तान जाने से मना कर दिया है।
पाक ने ICC से भारत के इनकार पर स्पष्टीकरण मांगा
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को पत्र लिखकर टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान जाने से भारत के इनकार पर स्पष्टीकरण मांगा है। आईसीसी को लिखे अपने पत्र में पीसीबी ने भारत के रुख के बारे में आधिकारिक स्पष्टीकरण मांगा है। पाकिस्तान की ओर से भेजे गए पत्र में इवेंट के प्रारूप या संभावित हाइब्रिड मॉडल के बारे में चर्चा नहीं की गई है। पीसीबी ने एक बयान में पुष्टि की है कि उसे बीसीसीआई के फैसले के बारे में आईसीसी ने सूचित किया है।
PCB ने पाक सरकार को भेजा संदेश
कथित तौर पर, पीसीबी ने अगले कदम तय करने के लिए आईसीसी के संदेश को पाकिस्तान सरकार को भेज दिया है। पीसीबी और बीसीसीआई के बीच इस गतिरोध ने चैंपियंस ट्रॉफी के भविष्य को संदेह में डाल दिया है। पाकिस्तान ने अगले साल टूर्नामेंट की तैयारी के लिए कराची, लाहौर और रावलपिंडी में स्टेडियमों को अपग्रेड करने के लिए पहले ही करीब 17 अरब रुपये आवंटित कर दिए हैं।
ये भी पढ़िए- Sania Mirza Birthday: बेइंतहा मोहब्बत और फिर तलाक! सानिया मिर्जा ने कोर्ट के बाहर भी पेश की हिम्मत की मिसाल
19 फरवरी से 9 मार्च तक होगा टूर्नामेंट
आईसीसी कथित तौर पर नवंबर के दूसरे सप्ताह में बिना स्थानों की पुष्टि किए कार्यक्रम की घोषणा करने वाला था। अस्थायी कार्यक्रम के अनुसार, चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से 9 मार्च तक आयोजित की जाएगी, जिसके मैच लाहौर, रावलपिंडी और कराची में होंगे।












Click it and Unblock the Notifications