IAS Cricketer: क्रिकेटर या अफसर? मिलिए उस भारतीय खिलाड़ी से जिसने क्रिकेट ग्राउंड और UPSC दोनों को किया फतह
IAS Cricketer: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कई दिग्गज खिलाड़ी हुए हैं, लेकिन अमय खुरासिया (Amay Khurasiya) का नाम एक बेहद खास वजह से सुनहरे अक्षरों में दर्ज है। खुरासिया भारत के इकलौते ऐसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं जिन्होंने न केवल मैदान पर चौके-छक्के लगाए, बल्कि देश की सबसे प्रतिष्ठित UPSC परीक्षा को भी पास किया।
अमय खुरासिया का जन्म 11 मार्च 1972 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ था। वह बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने 1999 में श्रीलंका के खिलाफ पेप्सी कप में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी।

पढ़ाई और क्रिकेट का अनोखा तालमेल
जहाँ आज के समय में खिलाड़ी अपनी पूरी ऊर्जा खेल पर लगाते हैं, वहीं खुरासिया ने शिक्षा को कभी पीछे नहीं छोड़ा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने से पहले ही खुरासिया ने UPSC की परीक्षा पास कर ली थी। वर्तमान में वह सीमा शुल्क और केंद्रीय उत्पाद शुल्क (Customs & Central Excise Department) में एक उच्च पद पर कार्यरत हैं।
डेब्यू मैच में मचाया धमाल (IAS Cricketer)
अमय खुरासिया का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है, जिसने उन्हें टीम इंडिया का टिकट दिलाया। अपने पहले ही वनडे मैच में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ महज 45 गेंदों में 57 रन बनाए थे। वह 1999 के विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे, जिसमें सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली जैसे दिग्गज शामिल थे। उन्होंने 119 प्रथम श्रेणी मैचों में लगभग 47 की औसत से 7,304 रन बनाए, जिसमें 21 शतक शामिल हैं। इंटरनेशनल करियर में वह सफल नहीं रहे और 12 मैचों में 149 रन बना पाए।
क्रिकेट से अब भी जुड़े हुए हैं खुरासिया (IAS Cricketer)
अमय खुरासिया की कहानी यह साबित करती है कि यदि आपमें अनुशासन और जुनून है, तो आप पढ़ाई और खेल दोनों में शीर्ष पर पहुंच सकते हैं। आज वह मध्य प्रदेश क्रिकेट अकादमी में युवा प्रतिभाओं को कोचिंग देते हैं और उन्हें तराशने का काम कर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम में सिविल सर्विस के प्रति जुनून रखने वाला अन्य कोई क्रिकेटर फिर कभी नहीं आया। हालांकि खेल कोटे से कई क्रिकेटरों को DSP का पद मिला है लेकिन अमय खुरासिया की कहानी सबसे अलग है।












Click it and Unblock the Notifications