IND vs AUS: 'पंत होते तो ऑस्ट्रेलिया की रातों की नींद उड़ी होती', ऋषभ के बाहर होते ही भारत की ताकत हुई आधी
India vs Australia 1st Test Rishabh Pant: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम को गाबा के मैदान पर जीत दिलाने में ऋषभ पंत ने एक अहम भूमिका निभाई थी। पंत की गैर-मौजूदगी में टीम को नुकसान पहुंच सकता है।

India vs Australia 1st Test Rishabh Pant: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज गुरुवार 9 फरवरी से होने जा रहा है। भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इस टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं हैं। पिछले साल एक कार एक्सीडेंड में पंत बुरी तरह जख्मी हो गए थे। जिसके बाद से ऐसा माना जा रहा है कि वह लंबे समय तक क्रिकेट के मैदान से दूर रहेंगे। पंत आईपीएल 2023 से भी बाहर हो गए हैं।

इयान चैपल ने की पंत की तारीफ
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल ने ऋषभ पंत की जमकर तारीफ की है। चैपल ने पंत का टेस्ट सीरीज में नहीं होना भारत के लिए बड़ा नुकसान बताया है। चैपल ने कहा कि अगर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भारतीय टीम में होते तो ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस की रातों की नींद उड़ी होती। पंत एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो एक सेशन में ही खेल बदलने का दम रखते हैं। ऋषभ पंत ने भारत के लिए ऐसा कई बार किया भी है।

मैच का पासा पलट देते हैं पंत
19 जनवरी 2021 को ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऋषभ पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को एक ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। ऑस्ट्रेलिया के अलावा पंत ने यह काम टेस्ट में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी कर चुके हैं। जिस समय मैच भारत के हाथों से बहुत दूर दिखाई देता है वहां पंत आकर मैच को भारत के पक्ष में ला देते हैं। ऐसे में इस मैच विनर खिलाड़ी की कमी कप्तान रोहित शर्मा को खलना तय है।

खल सकती है पंत की कमी
इयान चैपल ने कहा कि भारत के पास ऋषभ पंत जैसा दूसरा खिलाड़ी नहीं है। लिहाजा टीम को पंत की कमी खलेगी। वहीं पंत के नहीं होने से आस्ट्रेलियाई टीम खुश होगी। पंत के अलावा रविचंद्रन अश्विन को इयान चैपल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा खतरा बताया है। चैपल ने कहा कि आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को उनके खिलाफ सक्रिय रवैया अख्तियार करना चाहिए। क्योंकि वह एक चालाक क्रिकेटर है जो पिच के हिसाब से अपने गेम को बदलने में माहिर है।












Click it and Unblock the Notifications