IPL 2024 Prize Money: चैंपियन बनते ही KKR हुई मालामाल, हारकर भी SRH को मिले करोड़ों, जानें किसे क्या मिला
IPL 2024 Prize Money: आईपीएल 2024 का खिताब कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने नाम किया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली और आईपीएल इतिहास में तीसरी बार आईपीएल का खिताब कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम जीतने में सफल रही। चेन्नई के एम चिंदबरम स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार जीत हासिल की।
जानें किसे क्या मिला
इस जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स को सिर्फ चमचमाती ट्रॉफी ही नहीं बल्कि टीम को 20 करोड़ रुपये बतौर प्राइज मनी मिले। जबकि रनरअप रही सनराइजर्स हैदराबाद को भी इनाम के रूप में 13 करोड़ रुपये दिए गए। इसके अलावा तीसरे स्थान पर रहने वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम को 7 करोड़ रुपये मिले जबकि चौथी पोजीशन पर टूर्नामेंट की समाप्ति करने वाली रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु को 6 करोड़ 50 लाख रुपये दिए गए।

हैदराबाद ने खेला था बड़ा दांव
इस सीजन आईपीएल के लिए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने बड़े खिलाड़ियों पर दांव लगाया था। ट्रेविस हेड और पैट कमिंस जैसे खिलाड़ियों को करोड़ों की राशि देकर हैदराबाद ने अपने साथ जोड़ा था। हैदराबाद का यह दांव एक तरह से सही भी साबित हुआ। पैट कमिंस और ट्रेविस हेड की दमदार प्रदर्शन की बदौलत ही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही।
कोहली ने जीता ऑरेंज कैप
ऑरेंज कैप जीतने वाले को 15 लाख रुपये दिए जाएंगे। विराट कोहली ने इस सीजन ऑरेज कैप जीतने में कामयाबी हासिल की है। वहीं हर्षल पटेल ने पर्पल कैप पर कब्जा जमाने में कामयाबी हासिल की। हर्षल पटेल ने इस सीजन सबसे अधिक 24 विकेट अपने नाम किया है।
पिछली बार किसे मिला था 20 करोड़
पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने आईपीएल के खिताब पर कब्जा जमाया था। चेन्नई सुपर किंग्स ने साल 2023 में गुजरात टाइटंस को एक रोमांचक मुकाबले में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। चेन्नई सुपर किंग्स को भी जीत के बाद इनाम के तौर पर 20 करोड़ रुपये की राशि मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications