15 साल बाद Vijay Hazare में लौटने वाले विराट कोहली को मिलेगी कितनी सैलरी? हर मैच में होगी इतनी कमाई
Vijay Hazare Trophy, Virat Kohli: भारतीय घरेलू क्रिकेट में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद अब विजय हज़ारे ट्रॉफी का बिगुल बजने वाला है। विजय हज़ारे ट्रॉफी की शुरुआत 24 दिसंबर को होगी। इस सीजन की सबसे बड़ी और रोमांचक खबर यह है कि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली ने इस टूर्नामेंट में खेलने की सहमति दे दी है। कोहली के खेलने से टूर्नामेंट को लेकर फैंस की दिलचस्पी भी बढ़ गई है।
विजय हजारे में 15 साल बाद लौटेंगे कोहली (Vijay Hazare Trophy, Virat Kohli)
विराट कोहली 15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार 2009-10 सीज़न में यह टूर्नामेंट खेला था। अब वह इस साल दिल्ली टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में कोहली जबरदस्त लय में नजर आए थे। विराट कोहली की कोशिश आईपीएल से पहले घरेलू क्रिकेट खेलकर अपने फॉर्म को बरकरार रखने की होगी।

कितनी होती है खिलाड़ियों की फीस
बीसीसीआई घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों को उनके अनुभव के आधार पर सैलरी देने का काम करती है। लिस्ट ए मैचों में अनुभव के तीन स्लैब हैं। 20 या कम लिस्ट ए मैच खेलने वाले को 40,000 प्रति मैच मिलता है। 21 से 40 लिस्ट ए मैच खेलने वाले खिलाड़ियों को 50,000 प्रति मैच दिया जाता है। वहीं 41 या अधिक लिस्ट ए मैच खेलने वाले खिलाड़ी को 60,000 प्रति मैच दिया जाता है।
कोहली को मिलेंगे इतने पैसे
विराट कोहली ने 300 से अधिक लिस्ट ए मैच खेले हैं, वह सीधे सबसे ऊंचे ब्रैकेट में आते हैं। इसका मतलब है कि किंग कोहली को विजय हज़ारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए खेलने पर प्रति मैच केवल 60,000 रुपये मिलेंगे। यह राशि उस बड़े वेतन और एंडोर्समेंट फ़ीस से बहुत कम है जिसके लिए वह जाने जाते हैं। दिल्ली की टीम लीग चरण में सात मैच खेलेगी, लेकिन विराट कोहली सभी मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह तीन लीग मैचों में खेल सकते हैं।
विजय हजारे में विराट कोहली का रिकॉर्ड
दिल्ली को ग्रुप डी में रखा गया है, जिसमें हरियाणा, गुजरात, सौराष्ट्र, सर्विसेज, ओडिशा, रेलवेज़ और आंध्र प्रदेश जैसी टीमें हैं। अंतर्राष्ट्रीय करियर में आने से पहले 2008 से 2010 के बीच विजय हजारे में विराट कोहली का रिकॉर्ड शानदार था। उन्होंने 12 पारियों में 69.33 की शानदार औसत से 763 रन बनाए थे, जिसमें चार शतक और दो अर्धशतक शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications