IND vs SA: क्लासेन की तूफानी पारी बेकार, रोमांचक फाइनल में अफ्रीका को हरा भारत बना चैम्पियन
IND vs SA: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले खेलते हुए टीम इंडिया ने 7 विकेट पर 176 रनों का स्कोर खड़ा किया।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए कोहली और रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत देने का प्रयास किया। रोहित शर्मा केशव महाराज की गेंद पर 9 के स्कोर पर चलते बने। उनके बाद ऋषभ पन्त बिना खाता खोले आउट हो गए। उनके बाद सूर्यकुमार यादव भी 3 के निजी स्कोर पर चलते बने। 34 पर 3 विकेट गिरने के बाद भारत ने रणनीति बदली।

इस समय अक्षर पटेल को क्रीज पर भेज दिया गया और उन्होंने तूफानी बैटिंग की। अक्षर पटेल ने 4 छक्कों और 1 चौके से 31 गेंदों में 47 रन जमाए। कोहली एक छोर पर क्रीज पकड़कर खड़े रहे और उनके साथ शिवम दुबे क्रीज पर थे। कोहली ने 48 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर गियर बदला।
अर्धशतक के बाद कोहली ने कुछ धांसू शॉट खेले और 59 गेंदों में 76 रन बनाए। दुबे ने 16 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली। भारतीय टीम का स्कोर 7 विकेट पर 176 रनों तक पहुँच गया। दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए नॉर्टजे और केशव महाराज के खाते में 2-2 विकेट आए।
जवाब में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत खराब रही। रीजा हेंड्रिक्स महज 4 रन बनाकर आउट हो गए। उनके अलावा मार्करम भी 4 के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। यहाँ से स्टब्स और डी कॉक के बीच एक भागीदारी हुई। अक्षर पटेल ने आकर स्टब्स को 31 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद क्लासेन और डी कॉक ने पारी आगे बढाते हुए स्कोर 100 पार पहुंचा दिया। अर्शदीप ने डी कॉक को 39 पर आउट कर इस भागीदरी को तोड़ा।
इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने क्रीज पर आकर तबाही मचा दी और छक्कों की बारिश कर 23 गेंदों में फिफ्टी जमा दी। वह 27 गेंदों में 52 रन बनाकर पांड्या का शिकार बने। उनके बल्ले से 5 छक्के और 2 चौके आए।
इसके बाद मैच पलट गया। बुमराह ने यानसेन को आउट कर दिया। दो ओवर में अफ्रीका को 20 रन की दरकार थी और ये रन नहीं बने। अर्शदीप ने अपना ओवर सस्ते में निकाल दिया। अंतिम ओवर में अफ्रीका को 16 रन की दरकार थी। सूर्या ने पांड्या की गेंद पर धांसू कैच लेकर मिलर को चलता किया। इसके बाद रबाडा भी चलते बने। अंतिम ओवर में पांड्या ने 16 रन नहीं बनने दिए और भारत ने 7 रनों से मैच अपने नाम कर दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीत ली। हार्दिक पांड्या ने 3 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications