Harmanpreet Kaur और स्मृति मंधाना का डबल धमाका, वनडे में रचा इतिहास, बनाया ये खास रिकॉर्ड
Harmanpreet Kaur and Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट के लिए 14 सितंबर 2025 का दिन बेहद खास रहा। एक ही मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना ने ऐसे-ऐसे मुकाम छू लिए, जिनसे महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाने का काम किया। टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में खेलते हुए अपना 150वां वनडे मैच पूरा किया।
हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास (Harmanpreet Kaur and Smriti Mandhana)
टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपना 150वां वनडे मैच पूरा करते ही एक खास रिकॉर्ड भी बना लिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली केवल दूसरी भारतीय महिला क्रिकेटर बनी हैं। उनसे पहले महान बल्लेबाज़ मिताली राज ने 232 वनडे खेले हैं। इस उपलब्धि के साथ हरमनप्रीत दुनिया की उन चुनिंदा महिला खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गई हैं जिन्होंने 150 या उससे अधिक वनडे खेले हैं।

दिग्गजों की लिस्ट में हुईं शामिल
इसमें झूलन गोस्वामी और एलिस पेरी जैसी दिग्गजों के नाम भी शामिल हैं। मैच से पहले हरमनप्रीत ने कहा कि यह सफर शानदार रहा है और वह आने वाले वर्षों में टीम इंडिया के लिए और लंबे समय तक खेलना चाहती हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद भारतीय कप्तान की नजर इस साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर भी टिकी होगी।
स्मृति मंधाना के 2000 घरेलू रन पूरे
इसी मुकाबले में ओपनर स्मृति मंधाना ने भी एक खास मुकाम हासिल किया। उन्होंने भारत में खेलते हुए अपने वनडे करियर के 2000 रन पूरे कर लिए। स्मृति यह कारनामा करने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। उनसे पहले मिताली राज ने 2833 रन बनाए थे। 29 साल की मंधाना ने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पारी के दौरान 42वें रन के साथ हासिल की और अंत में 58 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी पारी में 6 चौके और 2 शानदार छक्के शामिल थे।
दोनों खिलाड़ियों ने किया कमाल
स्मृति मंधाना ने घरेलू मैदान पर 48 वनडे में अब तक 2016 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 15 से ज्यादा अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, जुलाई में ही उन्होंने वनडे में 4500 रन पूरे किए और मिताली के बाद ऐसा करने वाली दूसरी भारतीय बनीं। दूसरी ओर हरमनप्रीत ने अपनी कप्तानी और बल्लेबाज़ी से भारतीय टीम को कई अहम जीत दिलाई हैं और 150वें मैच का माइलस्टोन उनके लंबे अनुभव और योगदान का सबूत है।












Click it and Unblock the Notifications