हार्दिक पांड्या को लेकर KKR ने अटकाया रोड़ा, मुंबई इंडियंस मांग रही 2 खिलाड़ी, कौन हैं ये दोनों तूफानी प्लेयर्स?
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बातचीत तेज हो गई है। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को लेकर दोनों फ्रेंचाइजी के बीच संभावित ट्रेड की चर्चा है। कोलकाता को नए कप्तान की तलाश है और हार्दिक इस भूमिका के लिए उसकी पसंद बन सकते हैं।
इस डील में खिलाड़ियों को लेकर दोनों टीमों के बीच सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा है। द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई इंडियंस ने हार्दिक के बदले कोलकाता से दो खिलाड़ियों की मांग की है। इनमें युवा विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी का नाम भी शामिल है।

मुंबई कर रही 2 प्लेयर्स की मांग
मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या के बदले कोलकाता नाइट राइडर्स से तेज गेंदबाज हर्षित राणा और विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को देने की मांग की है। मुंबई को भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज की जरूरत है और अंगकृष इस कमी को पूरा कर सकते हैं। वहीं हर्षित के आने से टीम की तेज गेंदबाजी मजबूत हो सकती है।
हर्षित राणा केकेआर की 2024 की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभा चुके हैं। दूसरी ओर अंगकृष रघुवंशी आईपीएल 2026 में टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। ऐसे में इन दोनों खिलाड़ियों को छोड़ना कोलकाता के लिए आसान फैसला नहीं होगा।
केकेआर की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वह हर्षित और अंगकृष को हार्दिक के बदले देने के लिए तैयार है या नहीं। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों टीमों के बीच इस सप्ताह दोबारा बातचीत होने की संभावना है।
रहाणे के जाने से हार्दिक में बढ़ी KKR की दिलचस्पी
शुरुआती बातचीत में केकेआर ने हार्दिक को लेकर ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। उनकी फिटनेस और चोटों को लेकर फ्रेंचाइजी की चिंताएं थीं। अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद टीम में कप्तानी का स्थान खाली हो गया। ऐसे में हार्दिक के नेतृत्व और रणनीतिक अनुभव को देखते हुए केकेआर ने एक बार फिर उनके ट्रेड में दिलचस्पी दिखाई है।
उधर केकेआर की तरफ से 25 करोड़ वाले खिलाड़ी कैमरन ग्रीन को बाहर करने की अटकलें हैं। ग्रीन शायद अगले आईपीएल के लिए उपलब्ध भी नहीं होंगे। वह इतनी बड़ी रकम को पिछले सीजन जस्टिफाई नहीं कर पाए थे।


Click it and Unblock the Notifications
