मुंबई इंडियंस में वापसी से पहले हार्दिक पांड्या ने रखी थी शर्त! रिपोर्ट में कप्तानी को लेकर बड़ा खुलासा
IPL 2024: रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को विश्व कप की शुरुआत में मुंबई इंडियंस ने सूचित किया था कि हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) इस बार कप्तान के रूप में आगामी सीजन के लिए एमआई (MI) टीम में लौट रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पंड्या इस शर्त पर गुजरात से मुंबई जाने के लिए राजी हुए थे कि उन्हें फ्रेंचाइजी का कप्तान बनाया जाएगा।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित को विश्व कप की शुरुआत के आसपास फ्रेंचाइजी रोडमैप को समझने के लिए कहा गया था। कई बैठकों में उन्हें कप्तानी में तत्काल बदलाव की जरूरत के बारे में बताया गया और वे आगामी सीजन के लिए पंड्या के नेतृत्व में खेलने की योजना से सहमत हुए।

पंड्या को हाल ही में एमआई ने गुजरात टाइटंस से एक ट्रेड में वापस टीम में शामिल किया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पंड्या ने एमआई मालिकों को स्पष्ट कर दिया है कि अगर फ्रेंचाइजी उन्हें टीम में वापस चाहती है, तो वह टीम का नेतृत्व करेंगे। परामर्श के बाद फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट पंड्या की इच्छा पर सहमत हो गया और बाद में विश्व कप के दौरान शर्मा को इसके बारे में सूचित किया। तब तक शर्मा ने टीम के भविष्य का फैसला फ्रेंचाइजी पर छोड़ दिया था।
शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में मुंबई इंडियंस के ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस महेला जयवर्धने ने अपने एक दशक लंबे कप्तानी कार्यकाल के दौरान फ्रेंचाइजी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए रोहित शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक बयान में कहा कि, 'हम रोहित शर्मा के असाधारण नेतृत्व के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं, 2013 से मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में उनका कार्यकाल असाधारण से कम नहीं है। उनके नेतृत्व ने न केवल टीम को अद्वितीय सफलता दिलाई है, बल्कि आईपीएल के इतिहास में सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक के रूप में अपनी जगह भी पक्की की है।'












Click it and Unblock the Notifications