'वो डेल स्टेन की तरह बॉलिंग करता था', पूर्व भारतीय चयनकर्ता ने हार्दिक पांड्या को लेकर किया खुलासा
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) इन दिनों खूब चर्चा में बने हुए हैं।

नई दिल्ली: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) इन दिनों खूब चर्चा में बने हुए हैं। आईपीएल के 15वें सीजन में हार्दिक ने ना सिर्फ बल्ले और गेंद बेहतरीन कमबैक किया, बल्कि सभी को हैरान करते हुए नई टीम गुजरात टाइटन्स को अपनी कप्तानी में चैंपियन भी बना दिया। आईपीएल-15 से पहले किसी को भी पांड्या की कप्तानी पर भरोसा नहीं था, लेकिन अंत में उन्हीं की लीडरशिप वाली टीम टूर्नामेंट जीतने में सफल रही। अब हार्दिक आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम की कमान भी संभालते नजर आएंगे। इसी बीच पूर्व भारतीय किरण मोरे ने हार्दिक को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है।

मोरे ने की पांड्या की तारीफ
हार्दिक पांड्या ने किरण मोरे की क्रिकेट अकादमी में ही खेलकर खुद को बड़े मंच के लिए तैयार किया था। ये कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि मोरे ही वो पहले शख्स थे, जिन्होंने पांड्या को टैलेंट को पहचाना। हाल ही में OTT प्लेटफॉर्म सोनी पर एक डॉक्यूमेंट्री 'Architects in White' रिलीज हुई है। ये डॉक्यूमेंट्री भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई 2021 की टेस्ट सीरीज पर बेस्ड है। इसी डॉक्यूमेंट्री की एक एपिसोड में किरण मोरे ने हार्दिक पांड्या की जमकर तारीफ की है।

2018 ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में किया था कमाल
बता दें कि, हार्दिक 2021 के इंग्लैंड दौरे पर तो टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे, लेकिन 2018 के इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम में खेले गए 5 मैचों की सीरीज के तीसरे टेस्ट में हार्दिक ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में केवल 28 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे। पांड्या ने शानदार गेंदबाजी कर मेजबान टीम को घुटनों पर ला खड़ा किया था। दूसरी पारी में भी उनके खाते में एक विकेट आया था। टीम इंडिया ने वो मुकाबला 203 रन के बड़े अंतर से जीता था। सीरीज के 4 मैचों में हार्दिक ने 23.43 की औसत से 164 रन बनाने के अलावा 10 विकेट भी अपनी झोली में डाले थे।

स्टेन को कॉपी करते थे हार्दिक
'Architects in White' के एक एपिसोड में किरण मोरे ने हार्दिक को लेकर कहा कि अपने करियर के शुरुआती दौर में वो डेल स्टेन की तरह बॉलिंग करते थे। मोरे के मुताबिक, "हार्दिक पांड्या ने बड़ौदा में मेरी अकादमी में बल्लेबाज और लेग स्पिनर के रूप में शुरुआत की थी। नेट्स में उनका सामना करना आसान नहीं था और सभी के लिए सरप्राइज थे। 135-140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाला यह तेज गेंदबाज कौन हैं, यह हर किसी के मन में सवाल था। उन्होंने डेल स्टेन के गेंदबाजी एक्शन को दोहराने की कोशिश की और वहीं से उनकी गेंदबाजी यात्रा शुरू हुई।"

4 साल से नहीं खेला कोई टेस्ट मैच
2018 की इंग्लैंड सीरीज के बाद हार्दिक पांड्या ने भारतीय टीम के लिए कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। वह खराब फिटनेस के चलते वह प्लेइंग-11 में अपनी जगह पक्की नहीं कर सके। अभी तक खेले 11 टेस्ट मैचों में 28 वर्षीय ऑलराउंडर ने 31.29 की औसत से कुल 532 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और चार अर्धशतक देखने को मिले। वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 31 की औसत से कुल 17 विकेट लिए। मौजूदा समय में वह लिमिटेड ओवर क्रिकेट में टीम के अहम खिलाड़ियों में से एक हैं।












Click it and Unblock the Notifications